भाजपा के रघुनाथ सिंह परमार को मिले 13 मत, कांग्रेस के बने सिंह चौहान ने 15 मत हासिल कर दर्ज की जीत
धनराज भंडारी
सुनेल 27 नवम्बर
स्मार्ट हलचल |पंचायत समिति पिड़ावा के प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस के बने सिंह चौहान ने दो मतों के अंतर से जीत दर्ज कर प्रधान पद पर कब्जा जमाया। बने सिंह चौहान को कुल 28 मतों में से 15 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी रघुनाथ सिंह परमार को 13 मत प्राप्त हुए। एक निर्वाचित सदस्य मतदान से दूर रहा। देर शाम चुनाव परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
प्रधान पद के चुनाव के दौरान नामांकन प्रक्रिया में ही बड़ा राजनीतिक उलटफेर सामने आया था। कांग्रेस से बागी हुए नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य रघुनाथ सिंह परमार को भाजपा ने प्रधान पद का प्रत्याशी बनाया था, जिसके बाद मुकाबला दिलचस्प हो गया था।
गौरतलब है कि पंचायत समिति पिड़ावा के 29 वार्डों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 17 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा के खाते में 11 सीटें आई थीं। एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी हुआ था। प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस के बने सिंह चौहान ने 15 मत हासिल कर जीत दर्ज की।
करीब एक दशक बाद पंचायत समिति पिड़ावा में कांग्रेस का प्रधान निर्वाचित हुआ है, जिसे पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है। चुनाव को लेकर पंचायत समिति कार्यालय के आसपास सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जुटी रही और परिणाम घोषित होने तक राजनीतिक हलचल बनी रही।