भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|हिन्दुस्तान जिंक की रामपुरा आगुचा माइन में महानिदेशालय खान सुरक्षा (डीजीएमएस), अजमेर क्षेत्र (नॉर्थ-वेस्टर्न जोन) के तत्वावधान में 40वां खान सुरक्षा सप्ताह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सुरक्षा मानकों को और मजबूत बनाने, जोखिम प्रबंधन को बढ़ावा देने तथा शून्य-हानि संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।कार्यक्रम में कर्मचारियों, बिजनेस पार्टनर्स, यूनियन प्रतिनिधियों और प्रबंधन टीम ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में निरीक्षण दल के संयोजक नरेंद्र कुमार (एचसीएल-माइनिंग) एवं दल के सदस्य श्रीवत्सन वीएस (मैनेजर-इलेक्ट्रिकल, एसकेएम) और वैभव कुमार बीवी (एसोसिएट मैनेजर-मैकेनिकल जावर) उपस्थित रहे। साथ ही राममुरारी, आईबीयू सीईओ-रामपुरा आगुचा क्लस्टर, वेकेश चित्तौड़ा, यूनिट हेड-रामपुरा आगुचा माइंस, अनूप कुमार, सीएचआरओ, एम.के. सोनी, महासचिव-एकेएमएस, बसंत किशोर महांता, माइन मैनेजर, कैलाश विष्णोई, मिल हेड एवं सीईओ-सिल्वर तथा महेंद्र सिंह चैहान, कार्यकारी अध्यक्ष-एकेएमएस भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत समारोह से हुई। इसके बाद सुरक्षा एवं बचाव उपकरणों, अग्निशमन उपकरणों तथा कर्मचारियों एवं बिजनेस पार्टनर्स द्वारा विकसित विभिन्न सुरक्षा पहलों से संबंधित स्टॉलों का अवलोकन किया गया। इन प्रदर्शनों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाया।
अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा सभी उपस्थितजनों को सुरक्षा शपथ दिलाई गई। इस दौरान माइन मैनेजर बसंत किशोर महांता ने वार्षिक सुरक्षा प्रदर्शन एवं उपलब्धियों पर आधारित रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एम.के. सोनी ने कार्यस्थल पर “सेफ्टी फर्स्ट” की संस्कृति अपनाने और सभी कार्यक्षेत्रों में सुरक्षित कार्य प्रणालियों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बिजनेस पार्टनर्स द्वारा प्रस्तुत ‘क्रिटिकल रिस्क मैनेजमेंट’ विषयक नुक्कड़ नाटक रहा। इसके माध्यम से महत्वपूर्ण जोखिमों की पहचान, उनके संभावित प्रभावों को समझने और जोखिम नियंत्रण उपायों का पालन करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में राममुरारी ने कर्मचारियों और बिजनेस पार्टनर्स से सुरक्षा की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेने, निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने तथा प्रत्येक कार्य और निर्णय में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शून्य-हानि का लक्ष्य सामूहिक प्रतिबद्धता, अनुशासन और जवाबदेही से ही प्राप्त किया जा सकता है।
निरीक्षण दल के संयोजक नरेंद्र कुमार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा केवल कार्यस्थल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवन में भी अपनाना आवश्यक है। वहीं वेकेश चित्तौड़ा ने कहा कि सुरक्षा कोई औपचारिकता नहीं बल्कि आवश्यकता है, जिसे हर कार्य का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन अनूप कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने डीजीएमएस निरीक्षण दल, वरिष्ठ नेतृत्व, यूनियन प्रतिनिधियों, कर्मचारियों, बिजनेस पार्टनर्स और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और सभी ने सुरक्षित, स्वस्थ एवं शून्य-हानि कार्यस्थल के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।