गड़ेपान में लगेगा चौथा प्लांट, सालाना उत्पादन क्षमता 12.7 लाख टन बढ़ेगी

यूरिया उत्पादन में कोटा बनेगा देश का सबसे बड़ा केंद्र

✍️इंजीनियर रवि मीणा

कोटा : स्मार्ट हलचल|राजस्थान प्रदेश का कोटा जिला यूरिया उत्पादन में कोटा देश का सबसे बड़ा केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय निवेश नीति (एनआईपीयू)-2026 के तहत देश में छह नए ब्राउनफील्ड यूरिया प्लांट स्थापित करने को मंजूरी दी है।इनमें कोटा जिले के गड़ेपान स्थित चंबल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड (सीएफसीएल) का चौथा प्लांट भी शामिल है। इससे कोटा की सालाना यूरिया उत्पादन क्षमता में 12.7 लाख मीट्रिक टन की बढ़ोतरी होगी।गड़ेपान में फिलहाल तीन यूरिया प्लांट संचालित हैं। चौथे प्लांट के बाद यहां कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता 34 लाख टन से बढ़कर 46.7 लाख टन हो जाएगी। इसके साथ ही कोटा निजी क्षेत्र में यूरिया उत्पादन का देश का सबसे बड़ा केंद्र बन जाएगा।

ब्राउनफील्ड परियोजना के तहत मौजूदा औद्योगिक परिसर, जमीन, आधारभूत सुविधाओं और तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर नया संयंत्र स्थापित किया जाएगा। इससे निर्माण में समय और सुविधाओं का लाभ मिलेगा। परियोजना से हाड़ौती में निवेश, औद्योगिक गतिविधियों और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

देश में यूरिया उत्पादन

– वर्ष 2014-15: 225 लाख टन
– वर्ष 2023-24: 314.07 लाख टन
– वर्ष 2025-26: 293.30 लाख टन

यहां बनेंगे प्लांट

देश के छह नए प्लांट चेन्नई, नांगल, शाहजहांपुर, पानीपत, गड़ेपान और जगदीशपुर में स्थापित होंगे। इन पर करीब 54 हजार करोड़ रुपए निवेश का अनुमान है। घरेलू उत्पादन बढ़ने से यूरिया आयात पर निर्भरता घटेगी और कृषि जरूरतों के लिए खाद की उपलब्धता मजबूत करने में मदद मिलेगी।