बजट घोषणाओं से लेकर सरकारी योजनाओं तक मांगा पूरा हिसाब, लंबित शिकायतों और ई-फाइलों के निस्तारण पर सख्ती
अनिल कुमार खीची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल।प्रदेश के मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 30 नवंबर को प्रस्तावित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक से पहले ब्यावर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिला कलक्टर कमल राम मीना ने शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक लेकर विभागवार कामकाज का लेखा-जोखा लिया और सभी विभागों को अपनी प्रगति रिपोर्ट दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।बैठक में बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन, फ्लैगशिप योजनाओं, 60 दिवसीय कार्ययोजना और जिला विकास पुस्तिका की तैयारियों पर विशेष फोकस रहा। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपनी उपलब्धियों, नवाचारों और विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी समय पर उपलब्ध करवाए, ताकि राज्य स्तरीय बैठक में जिले की वास्तविक प्रगति प्रस्तुत की जा सके।
कलक्टर ने संपर्क पोर्टल पर आमजन की लंबित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा। उन्होंने ई-फाइलों को भी समयबद्ध पूरा करने तथा सरकारी योजनाओं के लक्ष्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला विकास पुस्तिका एवं प्रदर्शनी की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतें।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।