टोंक जिले की 8 पंचायत समितियों में प्रधान चुनाव के परिणाम घोषित, 7 पर कांग्रेस का कब्जा

उनियारा में एकता वर्मा, देवली में महादेव मीणा, निवाई में फूलचंद, टोंक में सुनीता और मालपुरा में ललिता बनीं प्रधान-पचेवर में निर्विरोध निर्वाचन, पीपलू में भाजपा को मिली एकमात्र जीत

शिवराज बारवाल मीना

टोंक। स्मार्ट हलचल|जिले में पंचायती राज चुनाव 2026 के तहत शुक्रवार, 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान पदों के चुनाव संपन्न हुए। जिले की आठों पंचायत समितियों में प्रधान पद के परिणाम घोषित होने के साथ ही ग्रामीण राजनीति की तस्वीर साफ हो गई। चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने सात पंचायत समितियों में प्रधान पद पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा को केवल एक पंचायत समिति में जीत मिली। पचेवर पंचायत समितियों में कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुईं।
जिले की उनियारा, टोंक, देवली, निवाई, टोडारायसिंह, पीपलू, मालपुरा और पचेवर पंचायत समितियों में निर्वाचन अधिकारियों की ओर से चुनाव परिणाम घोषित किए गए।
इन पंचायत समितियों में ये बने प्रधान
* टोंक: कांग्रेस की सुनीता को 14 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी प्रहलादी को 2 मत मिले। एक मत निरस्त हुआ। सुनीता प्रधान निर्वाचित हुईं।
* उनियारा: कांग्रेस की एकता वर्मा को 14 और भाजपा के नंदकिशोर बैरवा को 6 मत मिले। कुल 23 पंचायत समिति सदस्यों में से 20 ने मतदान किया, जबकि तीन निर्दलीय सदस्यों ने मतदान नहीं किया। एकता वर्मा 8 मतों से विजयी रहीं।
* देवली: कांग्रेस के महादेव सिंह मीणा को 18 और भाजपा के धर्मराज मीणा को 6 मत मिले। एक मत नोटा में गया। महादेव सिंह मीणा 12 मतों से विजयी हुए।
* निवाई: कांग्रेस के फूलचंद को 20 और भाजपा के देवराज गुर्जर को 7 मत मिले। फूलचंद 13 मतों से विजयी हुए।
* टोडारायसिंह: कांग्रेस की रेनू चौधरी को 13 और भाजपा के गोपाल सिंह को 6 मत मिले। रेनू चौधरी 7 मतों से विजयी हुईं।
* पीपलू: भाजपा की रतनी देवी को 9 और कांग्रेस की कौशल्या को 8 मत मिले। रतनी देवी एक मत से प्रधान निर्वाचित हुईं।
* पचेवर: कांग्रेस की मनोहर देवी निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुईं। भाजपा की ओर से कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं था।
* मालपुरा: कांग्रेस की ललिता लाटरी के माध्यम से प्रधान निर्वाचित हुईं।
सात पंचायत समितियों में कांग्रेस-एक में भाजपा
प्रधान चुनाव के परिणामों में कांग्रेस ने टोंक, उनियारा, देवली, निवाई, टोडारायसिंह, पचेवर और मालपुरा में जीत दर्ज की, जबकि पीपलू पंचायत समिति में भाजपा ने एक मत के अंतर से जीत हासिल की। इस प्रकार जिले की आठ पंचायत समितियों में सात पर कांग्रेस और एक पर भाजपा का कब्जा रहा।पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के बाद प्रधान पदों के निर्वाचन में भी जिले की ग्रामीण राजनीति में दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला देखने को मिला। अब शनिवार को पंचायत समितियों में उपप्रधान पद के चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होगी।