हेमेन्द्र क्षीरसागर
स्मार्ट हलचल|सरकारी दफ्तरों, अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, आयुष विभाग, स्कूलों, पंचायत, राजस्व, कृषि, गृह, बिजली कंपनियों और नगर पालिका, निगमों की व्यवस्था को धरातल पर संचालित करने वाला विशाल श्रम बल आज अपनी ही पहचान और अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। सरकार और जनता के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी बने ये आउटसोर्स कर्मचारी राज्य की प्रशासनिक संरचना की रीढ़ हैं। हालांकि, जिस व्यवस्था के सहारे सरकारी मशीनरी का पहिया घूम रहा है। वही व्यवस्था इन कर्मचारियों के लिए आर्थिक शोषण और मानसिक असुरक्षा का कारण बन चुकी है। वाकई में श्रमिकों को शोषण का नायाब तरीका अजीब है। लेकिन अजीबोगरीब है कि इसका समाधान जानबूझकर नहीं निकाला जा रहा है।
ठेकेदारी प्रथा का चक्रव्यूह
राज्य में निजी एजेंसियों और वेंडरों के माध्यम से आउटसोर्सिंग की व्यवस्था लागू की गई थी ताकि प्रशासनिक दक्षता बढ़ सके। लेकिन व्यवहार में यह प्रणाली श्रम के शोषण का पर्याय बन गई है। कुशल और तकनीकी कार्य करने के बावजूद कर्मचारियों को मिलने वाला मानदेय बेहद कम है। वह भी शासन द्वारा निर्धारित वेतन से हर माह 2-4 हज़ार कटौती कर दिया जाता है। इसमें ठेकेदार भी क्या करें जितना उन्हें मिलता है उस में से अपना कमिशन काटकर तो भुगतान करेंगे। अपनी जेब से थोड़े ही देंगे, वह भी तो कमाने बैठे है। यह सब सरकार के देखरेख में हो रहा है, कुछ छुपा नहीं है। विपदा में मुसिबत का मारा श्रमिक ठेकेदारी प्रथा के चक्रव्यूह में फंसकर तड़पने को मजबूर हैं।
महिनों लटकती मजदूरी
अलबत्ता कई विभागों में 3 से 6 महीने तक मजदूरी अटका रहना आम बात हो चुकी है। ईपीएफ, ईएसआई और अन्य सामाजिक सुरक्षा कटौतियों के नाम पर एजेंसियां मनमानी करती हैं। कर्मचारियों के खातों में पारदर्शी तरीके से राशि जमा नहीं होती। बिना किसी पूर्व नोटिस के नौकरी से निकाल दिए जाने का स्थायी डर कर्मचारियों के मनोबल और कार्यक्षमता दोनों को प्रभावित करता है। ऊपर से अनचाहे जगह में स्थानांतरण की तलवार हरदम लटकती रहना आम बात है। मजे की बात इन्हें श्रम कानून के तहत न्यूनतम मजदूरी दर से से कम मजदूरी मिलना आम है।
समान कार्य, असमान वेतन
एक ही जगह पर नियमित कर्मचारी के बराबर या उससे अधिक घंटे काम करने वाले आउटसोर्स कर्मी को उसका एक-तिहाई वेतन भी नसीब नहीं होता। इतने कम अल्प वेतन में जीवन दूभर है। पर ना जाने क्यों जिम्मेदारों की जानबूझकर अनदेखी इन पर बनी रहती है। वहीं मातृत्व अवकाश, दुर्घटना बीमा या गंभीर बीमारी की स्थिति में मिलने वाले चिकित्सकीय लाभ जैसी बुनियादी सुविधाएं भी इनके लिए दूर की कौड़ी हैं। यह असमानता केवल प्रशासनिक खामी नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के सिद्धांतों का सीधा उल्लंघन है।
समस्याओं का स्थायी समाधान
इस संकट से उबरने के लिए तात्कालिक पैचवर्क के बजाय एक दूरदर्शी और ठोस नीतिगत बदलाव की आवश्यकता है। ठेकेदारी व्यवस्था को समाप्त कर राज्य स्तर पर एक कर्मचारी कल्याण बोर्ड या निगम का गठन किया जाए। जो पारदर्शी तरीके से आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का नियोजन और प्रबंधन करे। मानदेय का भुगतान एजेंसियों के खातों से हटाकर सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से किया जाए। जीवन-यापन की वास्तविक लागत के आधार पर न्यूनतम वेतन तय हो और इसे महंगाई सूचकांक से जोड़ा जाए। साथ ही आयु सीमा में छूट देकर नियमित शासकीय भर्तियों में इनके अनुभव का बोनस अंक दिया जाए। इन्हें रिक्त पदों में पदस्थ किया जाए।
संवेदनशील दृष्टिकोण
देश- प्रदेश को यदि आत्मनिर्भर और सुशासित राज्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ना है, तो उसे अपनी आधारभूत श्रम शक्ति की उपेक्षा बंद करनी होगी। आउटसोर्स कर्मचारी केवल वेंडर के आंकड़ों का हिस्सा नहीं, बल्कि राज्य के विकास के साझेदार हैं। सरकार को चाहिए कि वह संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए इनके अधिकारों की रक्षा के लिए एक जवाबदेह और स्थायी नीति लागू करे। कुल मिलाकर इन श्रमवीरों को ब्राह्य स्रोत से निकाल कर आंतरिक स्रोत में शामिल किया जाना ही एकमेव विकल्प है, बस जरूरत है तो दृढ़ इच्छाशक्ति की।