ट्रेन में छूटा मोबाइल, टीटीई की सजगता से तीन दिन बाद सुरक्षित मिला

कोटा मंडल के टीटीई नरेश मीणा ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, यात्री ने पत्र लिखकर जताया आभार

कोटा। स्मार्ट हलचल|ट्रेन में मोबाइल छूट जाने से परेशान एक यात्री के चेहरे पर उस समय खुशी लौट आई, जब कोटा मंडल के टीटीई नरेश मीणा ने उसका मोबाइल सुरक्षित वापस लौटा दिया। रेल मदद पर दर्ज शिकायत और रेलकर्मी की सजगता से यात्री को अपना खोया मोबाइल वापस मिल सका।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि माण्डलगढ़ निवासी हर्ष कुमार भट्ट गाड़ी संख्या 01909 असारवा–आगरा कैंट स्पेशल के एसी थ्री टियर कोच बी-5 में यात्रा कर रहे थे। माण्डलगढ़ स्टेशन पर उतरकर घर पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि उनका मोबाइल ट्रेन की बर्थ संख्या 49 पर ही छूट गया है। परेशान यात्री ने रेल मदद ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायत मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने यात्री से संपर्क कर आवश्यक जानकारी ली। ट्रेन में कार्यरत टीटीई नरेश मीणा ने तत्काल संबंधित बर्थ पर पहुंचकर मोबाइल सुरक्षित बरामद किया और यात्री को इसकी सूचना दी। इसके बाद मेवाड़ एक्सप्रेस (12964) से माण्डलगढ़ पहुंचने पर टीटीई ने यात्री को बुलाकर उसका मोबाइल सुपुर्द किया।

अपना मोबाइल सुरक्षित वापस पाकर हर्ष कुमार भट्ट ने रेलवे की त्वरित कार्यप्रणाली और टीटीई नरेश मीणा की ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए पत्र लिखकर आभार व्यक्त किया।