(बद्री लाल माली)
गुरला |स्मार्ट हलचल|पंचायत समिति सहाड़ा के वार्ड संख्या 15 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी माया धोबी की शानदार जीत पर महेंद्रगढ़ में जीत का भव्य और ऐतिहासिक जश्न मनाया गया। सुबह से ही गांव में उत्सव जैसा माहौल था। घर-घर में खुशी थी, चौराहों पर लोगों की भीड़ थी और हर किसी के चेहरे पर जीत की मुस्कान थी।
वार्ड नंबर 15 में महेंद्रगढ़ और शिवरति पंचायत आती है। दोनों ही पंचायतों में माया धोबी को भारी समर्थन मिला था। चुनाव परिणाम आने के बाद से ही गांव में जश्न का माहौल था, लेकिन बाड़ाबंदी के कारण माया धोबी गांव नहीं आ सकी थीं।
बाड़ाबंदी के बाद पहली बार गांव पहुंचीं माया
चुनाव के बाद इतने दिन तक बाड़ाबंदी में रहने के कारण माया धोबी अपने घर नहीं आ सकी थीं। कल उप प्रधान के चुनाव संपूर्ण होने के बाद आज जैसे ही माया धोबी अपने घर महेंद्रगढ़ पहुंचीं, तो गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।गांव के मुख्य चौराहे पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहले से ही उनका इंतजार कर रहे थे। जैसे ही माया धोबी गांव में पहुंचीं, महिलाओं ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन के बीच पूरे गांव ने उनका अभिनंदन किया। बुजुर्गों ने उन्हें आशीर्वाद दिया और युवाओं ने नारेबाजी कर जीत की खुशी जताई।
आभार जताने जुलूस के रूप में निकलीं माया
स्वागत के बाद माया धोबी गांव वालों का आभार जताने और उनका आशीर्वाद लेने के लिए जुलूस के रूप में निकलीं। जुलूस में भारी संख्या में महिलाएं साथ थीं। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर आई थीं और माया की जीत का जश्न मना रही थीं।जुलूस गांव की मुख्य गलियों, चौराहों और मोहल्लों से होकर गुजरा। जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। कई जगह महिलाओं ने आरती उतारकर माया का अभिनंदन किया। जुलूस में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा सभी शामिल थे। हर उम्र के लोग जीत के जश्न में डूबे नजर आए।
डीजे की धुन पर नाचे बच्चे-बुजुर्ग
जुलूस के दौरान डीजे पर भगवान के भजनों के साथ-साथ सभी लोग डीजे की धुन पर नाच रहे थे। बच्चे-बुजुर्ग सब लोग खुशी से झूम उठे। बुजुर्ग भी अपने आप को रोक नहीं पाए और डीजे की धुन पर नाचने लगे। महिलाओं ने भी जमकर नृत्य किया। पूरा गांव भक्ति और खुशी के माहौल में सराबोर हो गया।
डीजे पर जैसे ही भजन और लोकगीत बजते, गांव वाले और ज्यादा उत्साह से नाचने लगते। छोटे-छोटे बच्चे भी डीजे के आगे नाचते नजर आए। गांव के युवाओं ने जुलूस को अनुशासित तरीके से आगे बढ़ाया।
यह गांव की एकता की जीत है – माया धोबी
इस अवसर पर माया धोबी ने सभी गांववासियों का दिल से आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जीत उनकी अकेली की जीत नहीं है, बल्कि महेंद्रगढ़ और शिवरति पंचायत के हर मतदाता, हर कार्यकर्ता और हर समर्थक की जीत है। यह गांव की एकता, भाईचारे और विश्वास की जीत है।
माया धोबी ने कहा कि उन्होंने चुनाव में जो वादे किए हैं, उन पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। वार्ड नंबर 15 के विकास के लिए सबको साथ लेकर चलेंगी। सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। महिलाओं और युवाओं के लिए भी काम किया जाएगा।
ग्रामीणों में खुशी की लहर
ग्रामीणों ने कहा कि माया धोबी सरल, मिलनसार और सबकी सुनने वाली नेता हैं। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि माया धोबी वार्ड का विकास करेंगी। गांव के बुजुर्गों ने कहा कि इतने सालों बाद गांव में ऐसा जश्न देखने को मिला है। महिलाओं ने कहा कि एक महिला की जीत से पूरे गांव की महिलाओं का मान बढ़ा है।जश्न देर शाम तक चलता रहा। गांव में जगह-जगह लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। पूरे महेंद्रगढ़ में खुशी और उत्साह का माहौल छाया रहा।