महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराधों का दोषी कौन ?

(डॉ. सुधाकर आशावादी)

स्मार्ट हलचल|महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की सूची लंबी होती जा रही है। निर्भया कांड से लेकर आज तक देश में शायद ही कोई ऐसा दिन बीतता हो, जिस दिन युवतियों के साथ यौन अपराध न होता हो। कभी कॉलेज जाने के नाम पर किसी गेस्ट हाउस में प्रेम संबंध के दौरान किसी युवती की लाश मिलती है, तो कहीं किसी होटल में किसी युवती को बंधक बनाकर उसके साथ गलत काम करने की खबर आती है। वहीं सोशल मीडिया से प्रेमजाल में फंसाकर युवतियों को ब्लैकमेल करके पैसे वसूलने के मामले भी सामने आते हैं। इनसे लगता है कि भौतिक सुख-सुविधाओं के पीछे भागते हुए समाज की स्वच्छंद यौन व्यवहार वाली गलत आदतों का नतीजा युवतियां या तो जानती नहीं हैं या इतनी बड़ी घटनाओं से कोई सबक नहीं लेना चाहतीं। अगर ऐसा न होता, तो खुलेआम यौन स्वच्छंदता को बढ़ावा न दिया जाता।
इतिहास गवाह है कि जब-जब यौन आकर्षण में फंसकर युवतियों ने अपने परिवार और रिश्तों को छोड़कर अपनी मनमानी की है, तब-तब उस मनमानी और स्वच्छंदता का नतीजा युवतियों के देह शोषण के रूप में सामने आया है। कभी किसी प्रेम में पागल युवती की लाश टुकड़े-टुकड़े होकर फ्रिज में मिली है, कभी किसी झाड़ी में मिली है, यही नहीं कभी-कभी भरोसे में ठगी गई युवतियों को देह के बाजार में बिकने के लिए मजबूर होना पड़ा है। लालबत्ती वाले इलाकों में देह बेचने के लिए मजबूर युवतियों का इतिहास देखा जाए, तो ऐसी कड़वी सच्चाई सामने आती है, जो बताती है कि युवतियों के प्रति सावधानी हटी तो दुर्घटना घटी।
सोचने वाली बात यही है कि घर से स्कूल जाने या सहेली के घर जाने का बहाना बनाकर कम पहचान के आधार पर तथाकथित पुरुष मित्रों से मिलने जाने वाली युवतियों के साथ हुई किसी भी अप्रिय घटना के लिए दोषी कौन है? क्योंकि अपनी पहचान छिपाकर अनजान लोगों के साथ किसी गेस्ट हाउस या होटल में जाना किसी भी तरह की जबरदस्ती नहीं बताता। ऐसे में अगर कोई घटना हो जाती है, तो उसका सारा दोष पुलिस व्यवस्था पर डालने में तथाकथित समाजसुधारक देर नहीं लगाते। कभी यौन उन्मुक्त आचरण के पक्ष में समाज में एक कचौड़ी दो समोसा, इन लड़कों का क्या भरोसा, लड़की हूं, किसी से कम नहीं हूं, जैसे नारे लगाने वाली युवतियां, नारी की सहमति से होने वाले अपराधों को रोकने की दिशा में आंदोलन क्यों नहीं करतीं।
ताज्जुब तब होता है, जब यौन अपराधों से बनी स्थिति पर तथाकथित जातीय नेता पीड़िता और अपराधी की जाति के आधार पर सड़कों पर उतर आते हैं। समझ नहीं आता कि समाज किस दिशा में जा रहा है। अगर ऐसा ही चलता रहा, तो समाज में यौन स्वच्छंदता कहीं बड़ा नासूर न बन जाए, इस दिशा में इलाज के लिए बातचीत की जरूरत है।