महावीर इंटरनेशनल डायमंड और श्री कमर्शियल वेलफेयर फंड की अनूठी पहल, हेल्थ कार्ड से 300 जरूरतमंदों को मिलेगी चिकित्सा सुविधा
अनिल कुमार खीची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।आर्थिक तंगी के चलते बीमारी का उपचार नहीं करवा पाने वाले गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राहत देने के लिए महावीर इंटरनेशनल डायमंड ब्यावर और श्री कमर्शियल वेलफेयर फंड ने मानव सेवा की अनूठी पहल की है। सर्दी के मौसम में झुग्गी-झोपड़ियों और खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने वाले जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से गरीब जन चिकित्सा सेवा योजना शुरू की गई है।
योजना के शुभारंभ पर रविवार को 10 जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। आगामी एक-दो दिनों में 50 और कार्ड वितरित किए जाएंगे। इस पहल के माध्यम से करीब 300 लोगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। खास बात यह है कि हेल्थ कार्डधारक अपने पूरे परिवार का संबंधित अस्पताल में निशुल्क उपचार करवा सकेंगे।
योजना के तहत मरीजों को निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श के साथ बीपी, शुगर, ईसीजी, हीमोग्लोबिन, वजन एवं सीबीसी जैसी आवश्यक जांचों की सुविधा मिलेगी। वहीं, श्री कमर्शियल वेलफेयर फंड की ओर से जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
सेवा योजना के शुभारंभ अवसर पर महावीर इंटरनेशनल डायमंड के चेयरमैन वीर सुशील छाजेड़, सह सचिव वीर मुरली मनोहर जैन, वीर अशोक बाबेल तथा श्री कमर्शियल वेलफेयर फंड के अखिल पगारिया उपस्थित रहे। इस पहल के माध्यम से संस्थाओं ने जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और सेवा-सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।