बासेड़ा–आमली सड़क, किसानों के मुआवजे, चंबल पेयजल और पांच गांवों की बिजली समस्या का समाधान कब होगा?
रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|फूलियाकलां उपखंड क्षेत्र की बासेड़ा ग्राम पंचायत में विधानसभा चुनाव के दौरान जनसंपर्क पर पहुंचे शाहपुरा–बनेड़ा विधायक लाला राम बैरवा के सामने ग्रामीणों ने क्षेत्र की कई बुनियादी समस्याएं प्रमुखता से उठाई थीं। उस दौरान विधायक ने ग्रामीणों को समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया था, लेकिन समय बीतने के बावजूद कई महत्वपूर्ण मुद्दे अब भी लंबित हैं। ऐसे में ग्रामीणों के सामने सवाल खड़ा है कि आखिर जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए आश्वासनों पर धरातल पर काम कब शुरू होगा?
ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव और जनसंपर्क के दौरान जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना जाता है तथा समाधान के भरोसे भी दिए जाते हैं, लेकिन यदि इन समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं होता तो आमजन को राहत कैसे मिलेगी?
अब ग्रामीण संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों से इन मुद्दों पर जवाब मांग रहे हैं।
बासेड़ा–आमली सड़क का डामरीकरण अब भी अधूरा
बासेड़ा से आमली तक सड़क निर्माण और डामरीकरण का मुद्दा भी जनसंपर्क के दौरान प्रमुखता से उठाया गया था। ग्रामीणों को सड़क का डामरीकरण करवाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन सड़क की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में अब भी असंतोष है। अधूरे डामरीकरण के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीण जानना चाहते हैं कि सड़क का काम कब पूरा होगा?
पिपलाज बांध प्रभावित किसानों को मुआवजे का इंतजार
पिपलाज बांध से प्रभावित किसानों के मुआवजे का मामला भी ग्रामीणों ने विधायक के सामने रखा था। प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की गई थी, लेकिन इस मामले में भी किसानों को राहत मिलने का इंतजार है। किसानों का कहना है कि उनकी समस्या का समाधान जल्द किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानी से राहत मिल सके।
मीणा समाज के घरों तक नहीं पहुंचा चंबल का पानी
बासेड़ा गांव में काकरिया से आगे आमली मार्ग पर स्थित मीणा समाज के घरों तक चंबल परियोजना का पेयजल नहीं पहुंचने की समस्या भी जनसंपर्क के दौरान उठाई गई थी। ग्रामीणों ने घरों तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करवाने की मांग की थी। इसके बावजूद संबंधित परिवारों को नियमित पेयजल सुविधा उपलब्ध होने का इंतजार है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब चंबल परियोजना का पानी क्षेत्र तक पहुंच रहा है तो इन घरों को पेयजल सुविधा से कब जोड़ा जाएगा?
पांच गांवों की बिजली समस्या का समाधान कब?
पिपलाज–गोडड़ा फीडर से जुड़े बासेड़ा सहित पांच गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुधारने का मुद्दा भी विधायक के समक्ष रखा गया था। ग्रामीणों ने बार-बार होने वाली बिजली कटौती से निजात दिलाने और सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करवाने की मांग की थी। लेकिन ग्रामीणों के अनुसार बिजली व्यवस्था से जुड़ी परेशानियां अब भी बनी हुई हैं। ऐसे में संबंधित विभाग से स्थायी समाधान की अपेक्षा की जा रही है।
अब आश्वासन नहीं, धरातल पर काम चाहते हैं ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की समस्याएं जनप्रतिनिधियों के सामने रखने के बाद भी यदि उनका समाधान नहीं होता है तो आमजन को बार-बार परेशानी उठानी पड़ती है। विकास के दावे तभी सार्थक होंगे, जब बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान धरातल पर दिखाई देगा।