स्पा सेंटर के मैनेजर ने फांसी लगाकर दी जान, पंजाब का रहने वाला था युवक,पुलिस जुटी जांच में

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा // शहर के गंगापुर चौराहे के समीप स्थित ‘खोटा-सिक्का’ स्पा सेंटर में मंगलवार को सनसनी फैल गई, जब वहां कार्यरत मैनेजर ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची गांधीनगर थाना पुलिस को युवक का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाते हुए परिजनों को सूचित किया है।

गांधीनगर थाने की सहायक उप निरीक्षक मीना चौधरी ने बताया कि मंगलवार दोपहर गंगापुर चौराहे के समीप रिद्धि-सिद्धि प्लाजा कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर स्थित स्पा सेंटर में एक युवक के सुसाइड की सूचना मिली थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो एक कमरे में युवक का शव पलंग पर पड़ा था। जांच में सामने आया कि युवक ने बिजली के तार का फंदा बनाकर पंखे से लटककर खुदकुशी की थी, लेकिन अधिक वजन या खिंचाव के कारण पंखा और तार टूट गए, जिससे शव सीधे पलंग पर आ गिरा।

पुलिस ने मृतक की तलाशी ली तो उसके पास से मोबाइल और पर्स बरामद हुआ। पर्स में मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान सूरज (25) पुत्र रामचंद्र, निवासी मौजगढ़ खुइयां सरवर, जिला फिरोजपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सूरज पिछले करीब एक महीने से इस स्पा सेंटर पर मैनेजर के रूप में कार्य कर रहा था।

पुलिस को मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और पंजाब में रहने वाले उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। परिजनों के भीलवाड़ा पहुंचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।