बिजोलिया। ( रवि ) भारत विकास परिषद शाखा द्वारा आयोजित चार दिवसीय योग शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर का उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नियमित योग को जीवनशैली में शामिल करने के लिए प्रेरित करना रहा।
शाखा के सचिव वेद प्रकाश तिवारी ने बताया कि भारत विकास परिषद द्वारा समय-समय पर त्रैमासिक योग शिविरों का आयोजन किया जाता है, जिससे लोगों को स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा मिल सके। इस शिविर में अनुभवी योग प्रशिक्षकों डॉ. डी.एस. मेहर, कन्हैयालाल शर्मा, संजय टांक एवं भारती सेठिया द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाया गया।
उन्होंने बताया कि योगाभ्यास के माध्यम से शरीर और मन को स्वस्थ रखने के साथ-साथ दैनिक जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है।
इस चार दिवसीय शिविर में संघ चालक दिलदार सिंह, ओम मेडतिया, मुकेश धनोपिया, डॉ. राजकुमार गौतम, विनोद सेठिया, अरुण गुरुजी, धर्मचंद कुमावत, चंद्रशेखर मेवाड़ा सहित करीब 65 महिला एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में सचिव तिवारी ने जानकारी दी कि भारत विकास परिषद द्वारा आदर्श विद्या मंदिर, बिजोलिया में प्रतिदिन प्रातः 5:30 से 6:30 बजे तक नियमित योग साधना करवाई जाती है। साथ ही आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 18 जून से 21 जून तक बिजोलिया में एक भव्य योग शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
