(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|जिले के बिजौलिया थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट के गंभीर प्रकरण में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 6 माह से फरार 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने के मामले में वांछित चल रहा था।
पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन व वृत्ताधिकारी बाबूलाल विष्णोई के सुपरविजन में थानाधिकारी स्वागत पाण्ड्या के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जांच के दौरान कांस्टेबल राजवीर ने अहम भूमिका निभाते हुए सोजत सिटी (पाली) में करीब 25 दिनों तक फाइनेंस कर्मी बनकर खुफिया जानकारी जुटाई। इसके बाद आरोपी धर्मराज उर्फ धर्मेन्द्र बावरी को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी धर्मराज पुत्र शेषाराम बावरी, निवासी लुहार कॉलोनी, मोड़ भट्टा, सोजत सिटी (पाली) है, जिस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
