धमाकों के बीच जबरदस्त हादसा,जलते रहे वाहन, जान जोखिम में डालकर वाहन निकालते रहे ड्राइवर

बूंदी-स्मार्ट हलचल|जिले के इंदगढ़, कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर मंगलवार रात एक बड़ा हादसा होते -होते टल गया जब प्लास्टिक रील से भरा एक भारी वाहन अचानक भीषण आग की चपेट में आकर धू-धू कर जल उठा। घटना रात करीब 8 बजे लाखेरी और इंद्रगढ़ के बीच भूरे कुआ बाबा की दरगाह से कुछ दूरी पर इंद्रगढ़ की ओर हुई। आग लगते ही चालक ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई लेकिन कुछ ही पलों में वाहन तेज धमाकों और आसमान छूती लपटों के साथ जलने लगा। हालात इतने भयावह थे कि जलते वाहन के पास से गुजरना मौत को दावत देने जैसा था। फिर भी मजबूरी में ड्राइवर अपनी जान जोखिम में डालकर अपने वाहन निकालते रहे। करीब 20 मिनट तक मौके पर न पुलिस पहुंची और न ही दमकल, जिससे हालात और खतरनाक हो गए। घटना स्थल के दोनों ओर जंगल होने के कारण आग के फैलने का खतरा भी लगातार बना रहा। सूचना मिलने के बाद वन विभाग और इंद्रगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात रोक दिया गया जिससे दोनों ओर सैकड़ों ट्रकों की लंबी कतार लग गई। बताया जा रहा है कि उस समय दमकल की गाडी गोहटा क्षेत्र में आग बुझाने गई हुई थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। वाहन चालक ने बताया चलते वाहन में आग लगी थी। यह घटना कई बड़े सवाल खड़े करती है कि आखिर हाईवे पर आपातकालीन सेवाएं इतनी देर से क्यों पहुंची। क्या इस मेगा हाईवे पर सुरक्षा और त्वरित राहत की व्यवस्था सिर्फ कागजों तक सीमित है ?