CBSE के परिणाम अप्रैल में संभावित, 10वीं के छात्रों को टू-एग्जाम पॉलिसी से मिलेगा दूसरा मौका

(हरिप्रसाद शर्मा)

अजमेर/ स्मार्ट हलचल|केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) इस वर्ष सत्र 2025-26 के लिए 10वीं और 12वीं कक्षा के परिणाम 20 से 25 अप्रैल के बीच जारी कर सकता है। यदि ऐसा होता है, तो यह पहली बार होगा जब CBSE अपने बोर्ड परीक्षा परिणाम अप्रैल माह में घोषित करेगा।अब तक बोर्ड आमतौर पर मई या उसके बाद परिणाम जारी करता रहा है, लेकिन इस बार प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य लगभग समाप्त हो चुका है और वर्तमान में ‘मार्क्स फीडिंग’ का काम अंतिम चरण में है। इसके पूरा होते ही परिणाम जारी करने की औपचारिक घोषणा की जा सकती है। छात्र अपने परिणाम CBSE की आधिकारिक वेबसाइट, डिजिलॉकर और उमंग ऐप के माध्यम से देख सकेंगे।

छात्रों को मिलेंगे दो अवसर
इस बार सीबीएसई ने 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव भी किया है। ‘टू-एग्जाम पॉलिसी’ के तहत विद्यार्थियों को दो अवसर दिए जाएंगे। इसका अर्थ है कि जो छात्र पहली परीक्षा में अपने प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं होंगे, वे दोबारा परीक्षा देकर अपने अंक सुधार सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य छात्रों पर परीक्षा का दबाव कम करना और उन्हें सुधार का अवसर देना है।

शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह नीति छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाएगी और असफलता के डर को कम करेगी। वहीं, छात्रों और अभिभावकों में रिजल्ट को लेकर उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है।