जय मीनेश आदिवासी विश्वविद्यालय कोटा समाज में शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक – शांति धारीवाल

✍️राकेश मीणा

कोटा, 14 अप्रैल 2026। स्मार्ट हलचल|श्री मीना समाज विकास समिति, कोटा द्वारा संचालित श्री मीना सामुदायिक भवन एवं अतिथिगृह, श्रीनाथपुरम के द्वितीय एवं तृतीय तल का लोकार्पण आज मुख्य अतिथि पूर्व नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री एवं विधायक श्री शांति धारीवाल के करकमलों द्वारा किया गया।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए श्री धारीवाल ने कहा कि रानपुर स्थित जय मीनेश आदिवासी विश्वविद्यालय मीना समाज में शिक्षा के प्रति समर्पण का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने समाज के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज का वास्तविक उत्थान संभव है।

उन्होंने अपने संबोधन में मीना समाज से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए बताया कि उनका यह संबंध उनके जन्म से पूर्व का है। उन्होंने अपने परिवार से जुड़े श्री जगन्नाथ मीना (ग्राम ढोटी) का स्मरण करते हुए कहा कि उनके परिवार में मीना समाज के प्रति हमेशा आत्मीयता और विश्वास का भाव रहा है। उन्होंने कहा कि मीना समाज के लोगों में ईमानदारी, वफादारी, विश्वसनीयता और कर्तव्यनिष्ठा जैसी विशेषताएं सदैव देखने को मिलती हैं।

श्री धारीवाल ने बताया कि उनके प्रयासों से विश्वविद्यालय निर्माण हेतु 75 बीघा भूमि का आवंटन किया गया था तथा सुल्तानपुर छात्रावास के लिए भी निशुल्क भूमि उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम के दौरान हाड़ौती आदिवासी मीना सामाजिक सुधार संघ, कोटा में संभागीय अध्यक्ष के रूप में समाज उत्थान हेतु उल्लेखनीय कार्य करने पर श्री रामस्वरूप मीना का माला पहनाकर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर जय मीनेश आदिवासी विश्वविद्यालय के निर्माण में आर्थिक सहयोग देने वाले 100 से अधिक भामाशाहों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष श्री आर.डी. मीना, श्री रामचरण मीना, पूर्व जिला प्रमुख बारां श्री भरत मारन, पूर्व जिला प्रमुख कोटा श्रीमती कमला मीना, नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष बारां श्री हंसराज मीना, पूर्व आईपीएस श्री बालमुकुंद वर्मा, श्री दुर्गाशंकर मीना, श्री नरेंद्र मीना, श्री हेमराज मीना, पूर्व आरएएस श्री बंशीलाल मीना, श्री मांगीलाल मीना, श्री बत्तीलाल मीना, श्री लक्ष्मीनारायण मीना सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।