पुलिस लाइन से थानों तक ‘मिशन क्लीन’: राजस्थान पुलिस के स्थापना दिवस का भव्य आगाज”

अनिल कुमार

सिर्फ कानून की रक्षा नहीं, पर्यावरण की सुरक्षा भी—ब्यावर पुलिस का सराहनीय कदम”

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के 77वें वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिला पुलिस द्वारा कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आज जिले के समस्त पुलिस कार्यालयों, थानों और पुलिस लाइन में ‘स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।सामूहिक श्रमदान और पर्यावरण संरक्षण अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने स्वयं झाड़ू थामकर कार्यालय परिसर में सफाई की। वहीं, जिले के सभी थानों और बैरकों में पुलिसकर्मियों ने सामूहिक श्रमदान कर परिसर को स्वच्छ बनाया। इस दौरान बड़ी संख्या में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।

खेलकूद और सांस्कृतिक उत्सव स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर रिजर्व पुलिस लाइन में वॉलीबॉल मैच का रोमांच देखने को मिला। रात्रि में ब्यावर सिटी थाने में पुलिस परिवार के बच्चों के लिए सांस्कृतिक संध्या और ‘बड़ा खाना’ आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

16 अप्रैल को होगी भव्य परेड अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व नोडल अधिकारी श्री भूपेन्द्र शर्मा ने बताया कि 16 अप्रैल को मुख्य समारोह में सेरेमोनियल परेड और रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। इस अवसर पर मेधावी बच्चों और खेलकूद प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।