घाड़ पुलिस ने 5 अवैध बजरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कीं: टोंक में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ अभियान जारी

अविनाश मीणा

घाड़ (देवली), टोंक|स्मार्ट हलचल|घाड़ पुलिस ने अवैध बजरी खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत 5 अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की गईं। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मालपुरा) पुष्पेंद्र सिंह और वृत्ताधिकारी (देवली) हेमराज के पर्यवेक्षण में घाड़ थानाधिकारी हरिराम वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने 14 अप्रैल, 2026 को तन आमली देवलियां के कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की।घेराबंदी के दौरान, टीम ने बिना परमिट के अवैध बजरी का परिवहन कर रहे 5 बिना नंबर के महिंद्रा ट्रैक्टर मय ट्रॉली को मौके पर पकड़ा। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही ट्रैक्टर चालक अंधेरे और कच्चे रास्ते का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने सभी जब्त वाहनों को घाड़ थाने ले जाकर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

टोंक जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने इस संबंध में बताया कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। कार्यालय ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा।