पुलिस लाईन में गूंजा जश्न: राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया

सांस्कृतिक कार्यक्रम, परेड, क्विज और सेवा कार्यों से सजा आयोजन; 165 पुलिसकर्मी सेवा चिन्ह से सम्मानित

भीलवाड़ा स्मार्ट हलचल|जिले में राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। 15 अप्रैल की शाम पुलिस लाईन में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में पुलिस जवानों, स्थानीय कलाकारों और बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर माहौल को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम का जवानों और उनके परिवारों ने भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. जसमीत सिंह संधू और पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने पुलिस जवानों के प्रतिभाशाली बच्चों को शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मानित किया, वहीं कलाकारों को भी पुरस्कृत किया गया।
क्विज में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
स्थापना दिवस के तहत जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को पुलिस थानों और अभय कमांड सेंटर का भ्रमण कराकर पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
सेरेमोनियल परेड में दिखी अनुशासन की झलक
16 अप्रैल को पुलिस लाईन परेड ग्राउंड में भव्य सेरेमोनियल परेड का आयोजन हुआ, जिसकी सलामी पुलिस अधीक्षक ने ली। परेड का नेतृत्व आईपीएस अधिकारी आयुष क्षौत्रिय ने किया। इस दौरान जिले के अधिकारी और थानाधिकारी मौजूद रहे।
165 कर्मियों को सेवा चिन्ह से नवाजा
बेहतर और बेदाग सेवा देने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सर्वोत्कृष्ट (30), अति उत्तम (14) और उत्तम (121) कुल 165 सेवा चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वृक्षारोपण और रक्तदान से दिया सेवा का संदेश
कार्यक्रम के तहत पुलिस लाईन परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा रक्तदान शिविर आयोजित हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस दौरान सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करने का आह्वान किया।