रायपुर (किशन खटीक)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) खंड रायपुर द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोराणा के सभागार में सामाजिक समरसता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (चित्तौड़ प्रांत) के प्रांत कार्यवाह डॉ. शंकर लाल माली ने शिरकत की।
अंबेडकर के अंग-अंग में बसी थी समरसता
उपस्थित सैकड़ों शिक्षकों को संबोधित करते हुए डॉ. माली ने कहा कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर समरसता के सजग प्रहरी थे। उनके जीवन के हर प्रसंग और अंग-अंग में समरसता बसी हुई थी। अनेक कष्ट सहकर भी उन्होंने हमेशा सामाजिक समरसता पर जोर दिया और समाज को जोड़ने का कार्य किया।
शिक्षकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश चंद्र सुथार ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने उच्च शिक्षा और अनेक डिग्रियां प्राप्त कर अपने ज्ञान का उपयोग आम जनता का जीवन श्रेष्ठ बनाने में किया। इस दौरान सुथार ने मंच से शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नरोत्तम दाधीच ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वामी विवेकानंद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य परशराम सेठिया उपस्थित रहे। स्थानीय शाखा अध्यक्ष राधेश्याम जीनगर ने शिक्षकों की समस्याओं की ओर प्रदेश उपाध्यक्ष का ध्यान आकृष्ट कराया। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. प्रहलाद सिंह दायमा ने किया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री तेज बहादुर सिंह, जिला सह मीडिया प्रभारी रमेश चंद्र वैष्णव, स्थानीय विद्यालय के संस्था प्रधान सांवरिया लाल रेगर, तहसील महामंत्री विजेश कुमार सैनी, भंवरलाल कुमावत, केसुराम रेगर, दिनेश चंद्र शर्मा, घीसालाल कुमावत, किशन लाल खटीक, रामचंद्र सालवी, गोविंद सिंह चुंडावत, जगदीश चंद्र सुथार सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के सामूहिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ।
