फलासिया। श्री बाणमाता शक्तिपीठ प्रबंध एवं विकास संस्थान की वार्षिक आमसभा अमावस्या के पावन अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस बैठक में मंदिर के विकास कार्यों को गति देने और वित्तीय आय-व्यय को लेकर अहम चर्चा की गई।
आय-व्यय का अनुमोदन और नवीन विकास कार्यों पर मंथन
बैठक के दौरान संस्थान के व्यवस्थापक प्रमोद कुमार धाकड़ ने वर्ष भर का आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया। इसके पश्चात, शक्तिपीठ परिसर में चल रहे निर्माणाधीन कार्यों का सभी पदाधिकारियों ने बारीकी से अवलोकन किया। मंदिर परिसर को और अधिक भव्य और सुविधाजनक बनाने के लिए नवीन विकास कार्यों के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से लिए गए।
दानपात्र से प्राप्त हुए 6 लाख से अधिक रुपए
आमसभा के इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर में रखा मुख्य दानपात्र भी पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी में खोला गया। गिनती के बाद दानपात्र से कुल 6 लाख 804 रुपए की सहयोग राशि प्राप्त हुई। यह दान राशि मंदिर के आगामी विकास कार्यों में उपयोग की जाएगी।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण वार्षिक बैठक में संस्थान के अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष अमरनाथ योगी, कोषाध्यक्ष कन्हैया लाल धाकड़, महामंत्री अमित कुमार जोशी, मोहन लाल धाकड़, सत्यनारायण सुथार, धर्मचंद जैन, शंभू सिंह, बालू सिंह, हजारी लाल खटीक, खाना धाकड़, प्रमोद कुमार धाकड़, घीसू सिंह, गणपत सिंह और प्रदीप कुमार पोरवाल सहित विकास संस्थान के सभी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
