डेगाना के वीरेंद्र सिंह की मिसाल: नौसेना से RAS तक, एक्स-सर्विसमेन में 7वीं रैंक हासिल

एजाज़ अहमद उस्मानी

स्मार्ट हलचल|डेगाना क्षेत्र के जालसू कला गांव के निवासी वीरेंद्र सिंह ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से एक प्रेरणादायक उपलब्धि हासिल की है। साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर उन्होंने पहले भारतीय नौसेना में सेवा दी और अब राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में शानदार सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
वीरेंद्र सिंह का चयन वर्ष 2008 में भारतीय नौसेना में हुआ था। करीब 15 वर्षों की सेवा के बाद वे 2023 में चीफ पेटी ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हुए। नौकरी के दौरान ही उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना कभी नहीं छोड़ा।
वर्ष 2023 में उन्होंने RAS परीक्षा दी, जिसमें उनका चयन कॉपरेटिव इंस्पेक्टर के पद पर हुआ। हालांकि, उन्होंने इससे संतुष्ट न होकर और ऊंचा लक्ष्य तय किया। उनकी इसी लगन का परिणाम रहा कि RAS 2024 में उन्होंने एक्स-सर्विसमेन वर्ग में 7वीं रैंक हासिल की।
उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने इसे मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का शानदार उदाहरण बताया है।
वीरेंद्र सिंह का परिवार भी शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। उनके दादाजी हनुमान सिंह सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जिनकी प्रेरणा उन्हें हमेशा मिलती रही। परिवार में शिक्षा को विशेष महत्व दिया जाता है, और उनके भाई-बहन भी विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत हैं।
वीरेंद्र सिंह की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो नौकरी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को कठिन मानते हैं। उनका मानना है कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास से कोई भी सफलता हासिल की जा सकती है।