झूठा गांव का मामला आरोप-रातभर पीटकर सुबह सड़क पर छोड़ा, बंदूक दिखा मारने की धमकी दी
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।जिले के रायपुर तहसील के बर गांव के रहने वाले एक मैकेनिक और उनके परिजनों के साथ बेरहमी से मारपीट, अपहरण और धार्मिक प्रताड़ना का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें रातभर बंधक बनाकर पीटा, बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और जबरन धार्मिक नारे लगवाए। बर निवासी पीड़ित 40 वर्षीय साजिद खान ने बताया कि ब्यावर रोड पर आर.के. फरीदाबाद नाम से दुकान चलाता है। उसने बताया कि 28 जून को रातडिया निवासी मानसिंह ने उन्हें फोन कर झूठा गांव स्थित मुकेश माली की माइंस पर पोकलेन मशीन ठीक करने के लिए बुलाया था। साजिद अपने भाई जुनैद और भांजे साहिल के साथ काम करने गया। रात करीब 1 बजे काम पूरा होने पर जब उन्होंने अपने पैसों की मांग की तो मानसिंह ने सुबह हिसाब करने की बात कही। जब वह जाने लगे तो मुकेश माली ने उन्हें रोका और अगवा कर ले गया। मारपीट की।
इधर, देररात साहिल और जुनैद को अमृतकौर अस्पताल में भर्ती कराया गया
कार में आए हमलावर, ऑफिस में बनाया बंधक
शिकायत के अनुसार जब तीनों वापस लौटने लगे, तभी मुकेश माली अपने साथ 4-5 अन्य लोगों को फॉरच्यूनर कार में लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि तीनों को जबरन कार में डालकर मुकेश माली के ऑफिस ले गए। वहां तीनों को रस्सियों से बांधकर बंधक बना लिया गया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने जातिसूचक और धार्मिक रूप से प्रताड़ित करते हुए नारे लगवाए। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत में बताया है कि आरोपियों ने बंदूक दिखाकर लोहे के पाइप, फावड़े के डंडे से पूरी रात बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान जुनैद के बाल खींचकर उखाड़ दिए गए, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा।
मोबाइल तोड़े और अधमरा कर छोड़ा: आरोपियों ने तीनों पीडितों के मोबाइल छीनकर तोड़ दिए, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपए है। सुबह तीनों को अधमरी हालत में छोड़ा गया। पीड़ित साजिद खान ने सोमवार को पुलिस को रिपोर्ट पेश कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और घायलों का तुरंत मेडिकल कराने की गुहार लगाई है।
