बूंदी- स्मार्ट हलचल|जिले के तालेड़ा उपखंड क्षेत्र में आवारा श्वानों का आतंक लगातार बढता जा रहा है। ताजा मामला अल्कोदिया गांव का है, जहां सोमवार अलसुबह एक 10 वर्षीय मासूम बच्ची को श्वानों के झुंड ने नोच-नोचकर मौत के घाट उतार दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है
मौजूद जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6 बजे 10 वर्षीय बालिका रिंकू भील रोज की तरह स्कूल जाने से पहले झोपडी से बाहर खुले में शौच के लिए गई थी। इसी दौरान पास में आवारा श्वानों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक श्वान उसे गंभीर रूप से घायल कर चुके थे। घायल अवस्था में बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एएसपी उमा शर्मा,
डीएसपी राजेश टेलर सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया प्रशासन की ओर से परिजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा श्वानों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि सीतापुरा स्थित स्कूल में भी पहले
डॉग बाइट की घटना हो चुकी है, जिसमें एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हुआ थी। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
