400 और 250 किलोलीटर के उच्च जलाशय शुरू, पाइपलाइन विस्तार से बढ़ेगी आपूर्ति क्षमता
मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा निर्मित दो महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं का सोमवार को लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर इन परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
लोकार्पण कार्यक्रम के तहत शहरी जल योजना शाहपुरा में पाइपलाइन विस्तार कार्य के साथ महलों के चैक क्षेत्र में 400 किलोलीटर क्षमता के उच्च जलाशय का निर्माण पूरा कर चालू किया गया। इस परियोजना पर 2 करोड़ 9 लाख 39 हजार रुपये की लागत आई है, जिससे शहर के प्रमुख क्षेत्रों में जल आपूर्ति को मजबूत किया जाएगा।
इसके साथ ही केंद्र सरकार की अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत 250 किलोलीटर क्षमता के एक अन्य उच्च जलाशय का भी लोकार्पण किया गया। इस परियोजना पर 7 करोड़ 71 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहर की जल भंडारण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और भविष्य में बढ़ती आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
इस मौके पर विधायक डॉ. बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इन योजनाओं के शुरू होने से शाहपुरा शहर में जल संकट की समस्या में काफी हद तक राहत मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री राजेन्द्र बोहरा, पूर्व पालिका अध्यक्ष रघुनन्दन सोनी, नगर भाजपा अध्यक्ष पंकज सुगंधी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
