राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा-स्मार्ट हलचल|श्रावण मास के पावन अवसर पर मंगलवार को श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में भीलवाड़ा से पधारे पंडित देवकिशन जी शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंगल कलश पूजन एवं श्री शिवपुराण का पूजन कर निमंत्रण सम्पन्न कराया गया। इसके पश्चात श्री भाणा गणेश जी मंदिर से भव्य मंगल कलश शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर भाग लिया। भगवान भोलेनाथ के जयघोष, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक वातावरण के बीच शोभायात्रा सिंधी धर्मशाला होती हुई कोली कॉलोनी से होकर खान्या के बालाजी स्थित कथा स्थल पहुँची।
मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। वहीं रास्ते में भी विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धाभाव से शोभायात्रा का अभिनंदन किया, जिससे संपूर्ण नगर शिवमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कथा स्थल पर वैदिक विधि-विधान से व्यासपीठ पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ कथा का शुभारंभ हुआ। कथा वाचक पंडित देवकिशन शास्त्री जी महाराज द्वारा की जाएगी।
कथा सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा 18 अगस्त 2026 से 24 अगस्त तक प्रतिदिन अपराह्न 1:00 बजे से 4:00 बजे तक आयोजित होगी।
