भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार: पोस्टर विमोचन के साथ दक्षिणी प्रादेशिक माहेश्वरी युवा संगठन को मिली जिम्मेदारी

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|शहर में आगामी 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों ने अब गति पकड़ ली है। इसी क्रम में गुरुवार को गांधी नगर स्थित श्री निंबार्क आश्रम में पूज्य महंत श्री मोहन शरण जी शास्त्री के सानिध्य में एक महत्वपूर्ण बैठक एवं पोस्टर विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान सामूहिक विवाह सम्मेलन के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। महंत श्री मोहन शरण जी शास्त्री ने दक्षिणी प्रादेशिक माहेश्वरी युवा संगठन को आगामी 19 अप्रैल को होने वाले मुख्य आयोजन की व्यवस्थाओं हेतु आमंत्रित करते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने का आग्रह किया। इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघव कोठारी सहित युवा साथियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

बैठक में शोभायात्रा, भजन कार्यक्रम, स्वागत व्यवस्था, पंजीयन, मंच संचालन, और अतिथि समन्वय सहित समस्त व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

समरसता और सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण

महंत श्री मोहन शरण जी शास्त्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज में समरसता, सादगी एवं सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है और इसे सफल बनाना हम सभी का साझा दायित्व है। प्रदेश अध्यक्ष राघव कोठारी ने दक्षिणी प्रादेशिक माहेश्वरी युवा संगठन की ओर से आश्वस्त किया कि संगठन पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ आयोजन को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य यजमान राकेश जी शर्मा मौजूद रहे। इस अवसर पर नीलम जी शर्मा, कैलाश अरोड़ा, ओम सेन, गोपाल शर्मा, जगदीश जी लड्डा (पूर्व प्रदेश महामंत्री), रमेश जी मूंदड़ा, प्रमोद जी डाड, आशीष झवर, जय बांगड़, रवि सोडाणी सहित राघव पाराशर, ललित देवनानी व समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान सेवा, भक्ति एवं सामाजिक एकता का वातावरण देखने को मिला तथा सभी ने एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।