पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना की ओर से श्रद्धालुओं का हुआ आत्मीय सम्मान, देवनारायण भगवान के जयघोष से भक्तिमय हुआ कनेरा
कनेरा, 07 अगस्त (ज़ाकिर हुसैन)
स्मार्ट हलचल|कनेरा स्थित आमली का देवरा भगवान श्री देवनारायण मंदिर में आयोजित सप्तदिवसीय श्री देवनारायण कथा बगड़ावत की पूर्णाहुति के पावन अवसर पर गुरुवार को श्रद्धा, आस्था एवं उल्लास के साथ भगवान श्री देवनारायण की भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कस्बे में भगवान श्री देवनारायण के जयघोष, भजनों और धार्मिक उल्लास से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
नगर के प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इसी क्रम में पूर्व सहकारिता मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता उदयलाल आंजना की ओर से कांग्रेसजनों ने भगवान श्री देवनारायण की शोभायात्रा एवं कलश यात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
श्रद्धालुओं का आत्मीय सम्मान करते हुए क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं।
शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा, धार्मिक ध्वज, कलश एवं भजन-कीर्तन के साथ बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री देवनारायण के जयकारे लगाते हुए धर्म, संस्कृति एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच तुलसीराम धाकड़ (कनेरा), पूर्व सरपंच मोहनलाल धाकड़ (राणावतखेड़ा, मध्यप्रदेश), मंडल कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश धाकड़, कनेरा कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास नायमा, दिलीप मेघवाल, नंदकिशोर पचोरिया, सुभाष व्यास, सुरेश वीर, गोरेलाल सुथार, पंकज राठौर, प्रहलाद गायरी, शांतिलाल गायरी, फुलेश खटीक, ललित खटीक, शांतिलाल नायमा, राहुल, सागरमल धाकड़, राजेश धाकड़, मनीष धाकड़ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
