दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ओबीसी विभाग की अहम ज़ूम बैठक आज

नरेन्द्र मेहरा

जयपुर|स्मार्ट हलचल।आगामी 28 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली विशाल महारैली और “मेरी सही गिनती करो” अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओबीसी विभाग) की एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन ज़ूम बैठक मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को दोपहर 2:00 बजे आयोजित की जाएगी।
ओबीसी विभाग के चेयरमैन हरसहाय यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष बैठक में प्रख्यात चिंतक एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री योगेंद्र यादव मुख्य रूप से जुड़ेंगे। वे बैठक में अभियान की रूपरेखा, प्रमुख मांगों और दिल्ली महारैली की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे।
पदाधिकारियों ने बताया कि इस बैठक में प्रदेश के समस्त संभाग अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित चार बिंदुओं पर रणनीतिक चर्चा की जाएगी:
अलग कॉलम की मांग: आगामी जनगणना में ओबीसी (OBC) वर्ग की सटीक गणना के लिए अलग से कॉलम सुनिश्चित करवाना।
ड्रॉप-डाउन मेन्यू: सभी जातियों की बिना किसी त्रुटि के गणना के लिए ड्रॉप-डाउन मेन्यू की व्यवस्था लागू करवाने की मांग।
महारैली में भागीदारी: 28 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में राजस्थान से अधिकाधिक संख्या में कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना।
संगठनात्मक रणनीति: अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपना और जनसंपर्क की ठोस रणनीति तैयार करना।
ओबीसी कांग्रेस के प्रदेश संगठन महासचिव सागर मावर और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. नरेन्द्र मेहरा एडवोकेट ने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया है कि वे समय पर इस ज़ूम बैठक में जुड़कर “मेरी सही गिनती करो – OBC को उसका अधिकार दो” अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।