दीवार फांदकर घर में घुसे हमलावर, महिला-बच्चों से मारपीट का आरोप; रात 2 बजे तक घर के बाहर मचाते रहे उत्पात, पीड़ित फोन पर पुलिस से मांगता रहा मदद,पर मौके नहीं पहुंची पुलिस
भीलवाड़ा। पुनीत चपलोत
स्मार्ट हलचल।खेत में कथित अवैध रेत खनन का विरोध करने पर उपजे विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है कि रंजिश के चलते 25 से 30 लोगों ने एकराय होकर रात में परिवार के घर पर धावा बोल दिया। हमलावर दीवार फांदकर घर में घुसे और महिला व बच्चों के साथ मारपीट की। हमले में पीड़ित की पत्नी का हाथ टूट गया। आरोप है कि हमलावर देर रात करीब दो बजे तक घर के बाहर डटे रहे और परिवार को दहशत में रखा। इस दौरान पीड़ित परिवार पुलिस और कंट्रोल रूम से मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन सहायता नहीं मिलने का आरोप लगाया है। सोमवार को पीड़ित दंपती पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और एसपी को परिवाद सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा परिवार को सुरक्षा देने की मांग की।
खेत में रेत खनन रोकने पर शुरू हुआ विवाद
फूलियाकलां थाना क्षेत्र के बड़ला गांव निवासी शंभूलाल मीणा ने परिवाद में बताया कि 22 नवंबर को शाम करीब चार बजे वह अपने खेत पर गया था। वहां कुछ लोग खेत के ढावे पर कथित रूप से अवैध रेत खनन कर रहे थे। इससे उसकी जमीन का कटाव हो रहा था। शंभूलाल ने अपनी जमीन बताते हुए खनन बंद करने को कहा तो विवाद हो गया। आरोप है कि खनन कर रहे लोगों ने ओमप्रकाश मीणा सहित अन्य लोगों को फोन कर मौके पर बुला लिया। इसके बाद पहुंचे लोगों ने उसके साथ मारपीट की। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने वह फूलियाकलां थाने चला गया।
दीवार फांदकर घर में घुसे 30 लोग, पत्नी-बच्चों को पीटा
पीड़ित के अनुसार, उसके थाने जाने के बाद शाम करीब 6 से 7 बजे ओमप्रकाश और गोविंद सहित नामजद आरोपी तथा उनके साथ आए करीब 25 से 30 लोगों ने घर पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर दीवार फांदकर घर में घुसे और उसकी पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट करते हुए तोड़फोड़ की। इस दौरान पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसका हाथ टूट गया। हमले में घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देर रात तक घर के बाहर डटे रहे हमलावर, फोन पर मांगते रहे मदद
शंभूलाल ने आरोप लगाया कि हमलावर रात करीब दो बजे तक घर के आसपास हंगामा करते रहे और बाहर जमे रहे। पूरा परिवार दहशत में रहा। पीड़ित का बेटा लगातार 100 और 112 नंबर पर फोन कर पुलिस से मदद मांगता रहा। शंभूलाल ने भी पुलिस और कंट्रोल रूम को कई बार फोन किए, लेकिन कोई सहायता मौके पर नहीं पहुंची। पीड़ित के मुताबिक, फूलियाकलां थाने में फोन करने पर उसे कथित तौर पर बताया गया कि सरपंच से बात हो गई है। पीड़ित ने घटना के वीडियो फुटेज, पुलिस अधिकारियों से बातचीत की कॉल डिटेल और वॉयस रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराने की बात कही है।
सरपंच चुनाव की रंजिश में हमले की आशंका
पीड़ित ने हमले के पीछे सरपंच चुनाव की रंजिश होने की आशंका जताई है। उसका कहना है कि उसने हाल ही में सरपंच का चुनाव लड़ा था, जिसके बाद से वर्तमान सरपंच और कुछ लोगों से उसकी रंजिश चल रही है। इसी के चलते परिवार को निशाना बनाया गया। दंपती ने एसपी से नामजद आरोपियों सहित अन्य हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी करने, परिवार को सुरक्षा देने और फूलियाकलां थाना पुलिस की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।