उलेड़ा में पशु आहार डिपो का शुभारंभ, पशुपालकों को गांव में ही मिलेगी सुविधा

उलेड़ा में पशु आहार डिपो का शुभारंभ,अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने बांटे निशुल्क ज्वार बीज

पशु आहार की आसान उपलब्धता से बढ़ेगा दुग्ध उत्पादन : चैनसिंह राठौड़

सहकारिता से सशक्त होगा पशुपालक, बढ़ेगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था : चैनसिंह राठौड़

कोटा।स्मार्ट हलचल।ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उलेड़ा महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति लिमिटेड के पशु आहार डिपो का उद्घाटन कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने समिति की सचिव कांतीबाई एवं अध्यक्ष राकेशबाई के नेतृत्व में अध्यक्ष राठौड़ का साफा पहनाकर एवं पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने कहा कि गांव में पशु आहार डिपो शुरू होने से पशुपालकों को अब पशु आहार खरीदने के लिए कोटा या अन्य स्थानों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनके समय और परिवहन व्यय की बचत होगी तथा पशुओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण आहार उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी सुविधाओं का विस्तार दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों की आय में वृद्धि के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि सहकारी समितियां केवल दूध संग्रहण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पशुपालकों को आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी आर्थिक उन्नति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। नए पशु आहार केंद्र से आसपास के कई गांवों के पशुपालकों को भी लाभ मिलेगा और उन्हें लंबी दूरी तय करने की समस्या से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने उलेड़ा दुग्ध उत्पादक समिति से जुड़े 23 से अधिक पशुपालकों को प्रति सदस्य 5 किलोग्राम ज्वार बीज का निःशुल्क वितरण भी किया। उन्होंने किसानों से उन्नत चारा उत्पादन अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण हरा चारा पशुओं के स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन दोनों के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम में कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के प्रबंध निदेशक दिलशुख मीणा, जय सिंह राठौड़, बलराज सिंह राठौड़, रोशन जाट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, दुग्ध उत्पादक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। समारोह के अंत में समिति पदाधिकारियों ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पशुपालकों के हित में ऐसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का विश्वास दिलाया।