45 किलो अवैध डोडा पोस्त के साथ जोधपुर का शातिर तस्कर गिरफ्तार, कार जब्त

मेवाड़ से मारवाड़ ले जाई जा रही थी खेप, पुलिस को देख भगाने के प्रयास में दुर्घटनाग्रस्त हुई स्विफ्ट कार।

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार ब्यावर जिला स्पेशल टीम (DST) और साकेतनगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान एक कार से 45.150 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त कर एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार को भी पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया।

पुलिस को देख बैक करने लगा कार, हुई दुर्घटनाग्रस्त:
जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने बताया कि 27 मई 2026 को जिला स्पेशल टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि जवाजा की तरफ से आ रही एक सफेद स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ भरा हुआ है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीएसटी और साकेतनगर थानाधिकारी की संयुक्त टीम ने जिरो पुलिस के पास नाकेबंदी शुरू की।

नाकेबंदी के दौरान जब संदिग्ध स्विफ्ट कार वहां पहुंची, तो पुलिस जाब्ते को देखकर चालक ने पकड़े जाने के डर से कार को तेज गति से वापस (बैक) घुमाने का प्रयास किया। इस हड़बड़ाहट में तस्कर की कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसके बाद तस्कर ने कार छोड़कर पैदल भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। जब कार की डिक्की की तलाशी ली गई, तो उसमें से 45.150 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।

जोधपुर का रहने वाला है आरोपी, पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पकड़े गए तस्कर की पहचान सुमेर (28) पुत्र रामेश्वर बिश्नोई, निवासी रामड़ावास, पुलिस थाना कापरड़ा (जिला जोधपुर ग्रामीण) के रूप में हुई है। पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। इसके खिलाफ पूर्व में भी चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया थाने में एनडीपीएस एक्ट, इसके अलावा पीपाड़ सिटी और डांगियावास थाने में पोक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट और मारपीट के गंभीर मामले दर्ज हैं।

सुपरविजन और टीम: यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृताधिकारी श्री राजेश कसाना के निकट सुपरविजन में की गई। टीम में साकेतनगर थानाधिकारी गणपतराम (उ.नि.), डीएसटी प्रभारी विजयसिंह (उ.नि.) सहित हेड कांस्टेबल भवानी सिंह, गणपतराम, महेश कुमार और कांस्टेबल मांगीलाल, सुरेन्द्र सिंह, अशोक सिंह आदि शामिल रहे।