एक माह से अधिक समय से क्षेत्र में बना हुआ था पैंथर का मूवमेंट-शनिवार शाम 5 बजे सफल हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन,
* ग्रामीणों की भारी भीड़ रही मौजूद, पुलिस का भारी जाप्ता तैनात; क्षेत्र में अन्य पैंथरों की मौजूदगी की आशंका पर निगरानी की मांग
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़।स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखंड क्षेत्र के अलीगढ़ कस्बे में पिछले एक माह से अधिक समय से पैंथर की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में बनी दहशत का माहौल आखिरकार शनिवार शाम सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद समाप्त हो गया। कस्बे के सैय्यदों के मोहल्ले में सहादत नगर रोड के समीप स्थित सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के शौचालय के बेसमेंट में घुसे पैंथर को वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने शनिवार शाम करीब 5 बजे पिंजरे की मदद से सुरक्षित पकड़ लिया। पैंथर के पकड़े जाने की खबर से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात्रि से ही अलीगढ़ कस्बे के उक्त इलाके में पैंथर का मूवमेंट दिखाई देने की सूचनाएं सामने आ रही थीं। बताया जा रहा है कि पिछले एक माह से अधिक समय से क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर पैंथर की आवाजाही देखी जा रही थी। शनिवार दोपहर पैंथर सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के शौचालय बेसमेंट में जा घुसा। इसकी सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और वन विभाग को सूचित किया गया। सूचना पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्कूल परिसर और बेसमेंट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए पैंथर को सुरक्षित पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दोपहर से जारी प्रयासों के बाद शाम करीब 5 बजे टीम को सफलता मिली और पैंथर को पकड़ लिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए अलीगढ़ थाना पुलिस सहित भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा। वन विभाग की टीम और पुलिस की सतर्कता के चलते अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
एक से दो अन्य पैंथरों की कथित मौजूदगी की भी चर्चा
पैंथर पकड़े जाने के बाद जहां ग्रामीणों ने राहत महसूस की, वहीं क्षेत्रवासियों के बीच एक से दो अन्य पैंथरों की मौजूदगी को लेकर भी चर्चा बनी हुई है। हालांकि अन्य पैंथरों की मौजूदगी की फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में वन विभाग से क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने और संभावित मूवमेंट की जानकारी जुटाने की अपेक्षा की जा रही है।
ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता जरूरी
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं वन विभाग से मांग की है कि यदि क्षेत्र में अन्य पैंथरों की मौजूदगी सामने आती है तो उनके रेस्क्यू के लिए भी सुरक्षित अभियान चलाया जाए। खासकर आबादी क्षेत्रों, स्कूलों और ग्रामीण रास्तों के आसपास निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि बच्चों, महिलाओं और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
वन विभाग की अपील:
पैंथर या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर ग्रामीण घटनास्थल पर भीड़ जमा न करें, उसकी सूचना तत्काल वन विभाग व पुलिस को दे। वन्यजीव को घेरने, भगाने या पकड़ने का प्रयास बिल्कुल न करें तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखें। तत्काल वन विभाग एवं पुलिस को सूचना दें और उनके निर्देशों का पालन करें।