* अलीगढ़ क्षेत्र के तीन प्रमुख सड़क मार्गों पर दो-दो फीट तक गहरे गड्ढे, हादसों का बना खतरा; अधिकारी और जनप्रतिनिधि आखिर कब लेंगे सुध?
* ग्रामीणों ने दी चेतावनी—समय रहते सड़क निर्माण व मरम्मत नहीं हुई तो सड़कों पर उतरकर करेंगे आंदोलन
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़। स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखंड क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति अब आमजन के लिए गंभीर परेशानी और दुर्घटनाओं का कारण बनती जा रही है। अलीगढ़ क्षेत्र के तीन प्रमुख सड़क मार्गों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। हालात ऐसे हैं कि कई स्थानों पर सड़क पर दो-दो फीट तक गहरे गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित पीडब्यूडी विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से समस्या के स्थायी समाधान को लेकर प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
क्षेत्र के अलीगढ़ से खोहल्या-चितानी-केरोद-सुरेली रोड, अलीगढ़ से आसलगांव-चौथ का बरवाड़ा रोड तथा नेशनल हाईवे आमली मोड़ से सोप-आमली रोड की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। इन मार्गों पर जगह-जगह सड़क उखड़ चुकी है और गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली विद्यार्थियों, बुजुर्गों, मरीजों और किसानों के लिए इन रास्तों से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है।
अधिकारियों की आवाजाही के बावजूद समस्या जस की तस
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन सड़क मार्गों से शासन-प्रशासन के अधिकारी सरकारी योजनाओं के निरीक्षण, जनसुनवाई और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए नियमित रूप से गुजरते हैं, उन्हीं सड़कों की बदहाली जिम्मेदार अधिकारियों की नजरों से कैसे ओझल है? क्या संबंधित विभाग के अधिकारियों ने इन मार्गों का वास्तविक स्थिति के अनुसार निरीक्षण किया है? यदि किया है तो अब तक मरम्मत अथवा नवीन निर्माण की कार्रवाई क्यों नहीं हुई? वहीं क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। जनता ने जिन प्रतिनिधियों को क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं के लिए चुना है, उनसे यह अपेक्षा है कि वे विधानसभा, पंचायत समिति और अन्य संबंधित मंचों पर सड़क समस्या को प्रमुखता से उठाकर बजट एवं निर्माण कार्य की स्वीकृति सुनिश्चित करवाएं। केवल आश्वासन और निरीक्षण से सड़कें दुरुस्त नहीं होंगी, इसके लिए समयबद्ध कार्यवाही जरूरी है।
ग्रामीणों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों में पूर्व पंचायत समिति सदस्य फोरूलाल मीणा, कांग्रेस नेता रामप्रसाद मीणा, शंकरलाल, अमीरमल चौधरी, डूंगर सिंह मीणा, सांवलराम मीणा, मुरारीलाल, भरतलाल मीणा, प्रदीप मीणा और राकेश मीणा सहित कई गणमान्य लोगों ने बताया कि लंबे समय से इन सड़कों की स्थिति खराब बनी हुई है। बार-बार परेशानी झेलने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में शासन-प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित पीडब्यूडी विभाग तत्काल तीनों सड़क मार्गों का तकनीकी सर्वे करवाकर क्षतिग्रस्त हिस्सों की पहचान करे तथा जहां मरम्मत संभव है वहां तत्काल मरम्मत और जहां सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है वहां नवीन निर्माण करवाया जाए।साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता, स्वीकृत बजट और कार्य पूर्ण करने की समयसीमा भी सार्वजनिक की जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शासन-प्रशासन ने शीघ्र ही इन सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए तो क्षेत्रवासियों को मजबूरन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ेगा।
अब सवाल जवाबदेही का है—
आखिर इन सड़कों की बदहाली के लिए जिम्मेदार विभाग कौन है? मरम्मत का प्रस्ताव लंबित है या बजट की कमी है? यदि बजट स्वीकृत है तो काम शुरू क्यों नहीं हुआ? और यदि प्रस्ताव ही नहीं बना तो अब तक जनप्रतिनिधियों ने इस दिशा में पहल क्यों नहीं की? क्षेत्र की जनता को आश्वासन नहीं, सुरक्षित और सुगम सड़कें चाहिए।
इनका है कहना
वहीं इस संबंध में जानकारी लेने पर सार्वजनिक निर्माण विभाग अलीगढ़ खंड के अधिशासी अभियंता राहुल गुप्ता का कहना है कि पूर्व में भी उक्त तीनों सड़कों का प्रस्ताव भिजवाया जा चुका है, अब हाल ही में दो दिन पहले भी एक आदेश आया है, जिसमें दोबारा से क्षेत्र की जर्जर सड़कों के प्रस्ताव मांगे गए हैं, जो जल्द ही भिजवा दिए जाएंगे।