अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|स्थानीय अमृतकोर अस्पताल परिसर में श्री जीव दया सेवा संस्था (रजि.) परिवार द्वारा एक अनूठी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। संस्था सदस्यों ने दृष्टि सेवा संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय श्री एस. एन. शर्मा की प्रथम पुण्यतिथि और भारतीय सेना के वीर जवान स्वर्गीय श्री उदय सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर अस्पताल परिसर में पक्षियों के लिए पानी के परिंडे बांधकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
नेत्रदान के प्रणेता थे स्व. शर्मा
संस्था सचिव कपिल सेन ने स्व. श्री एस. एन. शर्मा के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि ब्यावर शहर में उनके द्वारा जगाई गई “नेत्रदान महादान” की अलख आज हजारों लोगों के जीवन में रोशनी का नया सवेरा लेकर आई है। समाज सेवा के प्रति उनका निस्वार्थ समर्पण और जागरूकता के प्रयास आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।
1965 युद्ध के नायक थे स्व. उदय सिंह
इस दौरान संस्था सदस्य नारायण सिंह गणेशपुरा ने अपने पिता स्व. श्री उदय सिंह के देश सेवा के सफर को साझा किया। उन्होंने बताया कि टाटगढ़ क्षेत्र के डांसरियां गांव में जन्मे उदय सिंह जी ने भारतीय सेना में रहकर देश की रक्षा की। वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उनकी वीरता और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें सेना द्वारा प्रतिष्ठित “स्टार अवार्ड” से सम्मानित किया गया था।
पक्षियों की सेवा का लिया संकल्प
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने दोनों दिवंगत आत्माओं के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही, गर्मी के मौसम को देखते हुए बेजुबान पक्षियों के संरक्षण और जीव दया का सामूहिक संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर जीव दया संस्था के अध्यक्ष लालचंद सांखला, दृष्टि सेवा संस्थान के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, समाजसेवी मुकेश बंग, कैलाश शेखावत, प्रकाश माली, मयंक सेन, योगेश शर्मा, पुखराज सिंह, सचिन चौहान, बबलू यादव, जय सेन और वैभव सांखला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
