पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन वैष्णव ने सिर पर धारण की श्री रामायण जी, जगह-जगह श्रद्धालुओं ने उतारी आरती
जहाजपुर, 11 अक्टूबर।
स्मार्ट हलचल|कस्बे में रविवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नवयुवक कला मंडल संस्थान की ओर से लगातार 50वें वर्ष आयोजित होने वाली रामलीला के मंचन से पूर्व श्री रामायण जी की भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह पुष्प अर्पित कर और आरती उतारकर श्री रामायण जी का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ बस स्टैंड स्थित बागर के बालाजी मंदिर से हुआ। इससे पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अल्केश वैष्णव के प्रतिनिधि पवन वैष्णव, संस्थान के संरक्षक प्रभु लाल पंचोली, अध्यक्ष अनिल कुमार सोनी, कोषाध्यक्ष कालिदास नामा एवं बाबूलाल खटीक ने पंडितजी के मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन वैष्णव ने श्री रामायण जी को अपने सिर पर धारण किया और शोभायात्रा रवाना हुई।
शोभायात्रा बस स्टैंड, सदर बाजार, घास भैरू चौराहा और गोपालजी मंदिर होते हुए पुनः बागर के बालाजी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह श्री रामायण जी की आरती उतारी तथा श्रीफल, पुष्प और मालाएं अर्पित कर श्रद्धा प्रकट की। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
50 वर्षों से रामलीला की परंपरा कायम**
नवयुवक कला मंडल संस्थान द्वारा लगातार 50वें वर्ष रामलीला का मंचन किया जाना कस्बे की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। रामलीला के आयोजन से पूर्व निकाली गई शोभायात्रा ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन में संस्थान के कलाकारों, सदस्यों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर संस्थान के संरक्षक प्रभु लाल पंचोली, सत्येंद्र काटिया, अध्यक्ष अनिल सोनी, कालिदास नामा, रामप्रसाद सोनी, प्रकाश गुजराती, भंवर चौबे, भगवान लखारा, वेद प्रकाश लखारा, राजकुमार खटीक, प्रखर भारद्वाज, बीजू पारीक, राजेंद्र त्रिपाठी, सीताराम गौड़, राहुल खटीक, शुभम त्रिपाठी, लादू लाल, राघव सोनी, राघव नामा सहित संस्थान के कलाकार, सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी दयाराम चौधरी पुलिस जाप्ते के साथ तैनात रहे।