विकसित भारत–जन सेवा अभियान के तहत आयोजन, 300 यूनिट रक्त संग्रहण का लक्ष्य
अनिल कुमार खींची
ब्यावर ।स्मार्ट हलचल|विकसित भारत–जन सेवा अभियान के तहत जिले में स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर कमल राम मीना के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत के निर्देशन में राजकीय अमृत कौर चिकित्सालय के ब्लड सेंटर की ओर से ब्यावर एवं जैतारण में शिविर लगाए गए।ब्यावर के राजकीय अमृत कौर चिकित्सालय के एमसीएच विंग स्थित एमटीसी वार्ड में आयोजित शिविर में महर्षि दाधीच समाज सेवा समिति सहित अन्य रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। रक्तदाताओं का ई-रक्त कोष पोर्टल पर पंजीकरण कर ऑनलाइन प्रमाण-पत्र जारी किए गए। साथ ही स्वैच्छिक एवं नियमित रक्तदान का संकल्प दिलाया गया।
इसी क्रम में उप जिला चिकित्सालय जैतारण में भी रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। यहां राजकीय अमृत कौर चिकित्सालय के ब्लड सेंटर की टीम ने सेवाएं दीं। मंत्री अविनाश गहलोत ने शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. मुकेश भागवत ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन ब्यावर एवं जैतारण के दोनों शिविरों में मिलाकर करीब 80 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा तथा ब्लड सेंटर को 300 यूनिट रक्त संग्रहण का लक्ष्य दिया गया है।
सीएमएचओ डॉ. संजय गहलोत ने रक्तदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि महर्षि दधीचि के त्याग से प्रेरणा लेकर रक्तदान मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है। जिला कलक्टर कमल राम मीना ने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान कर अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की।