चावड़िया चौराहे पर दर्दनाक हादसा: ट्रेलर ने युवक को रौंदा, 200 मीटर तक घसीटने से मौके पर मौत

मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले चिरंजीव कीर की दर्दनाक मौत, हादसे के बाद लगा जाम; पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर शुरू की जांच

अलकेश पारीक

जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|कस्बे के व्यस्त चावड़िया चौराहे पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दयाराम चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, स्थिति को संभाला और यातायात सुचारु कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाहपुरा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने चौराहे पर युवक को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों का कहना है कि ट्रेलर युवक को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
थाना प्रभारी दयाराम चौधरी ने बताया कि मृतक की पहचान चिरंजीव कीर निवासी जहाजपुर के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। पुलिस ने शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद चावड़िया चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और जाम खुलवाया।
युवक की असामयिक मौत की खबर फैलते ही कीर समाज में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में समाजजन राजकीय अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। पूरे क्षेत्र में हादसे को लेकर गहरा दुख और शोक का माहौल बना हुआ है।