नोएडा में सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज, ब्राह्मण संगठनों में रोष

नोएडा। स्मार्ट हलचल|राष्ट्रीय परशुराम परिषद एवं परशुराम स्वाभिमान सेना के आईटी सह संयोजक वरिष्ठ पत्रकार सुशील पंडित की अगुवाई में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ नोएडा के थाना सेक्टर-24 में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सुशील पंडित ने कहा कि ब्राह्मण समाज की भावनाओं को देखते हुए नोएडा पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई है, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राजकुमार भाटी समाजवादी पार्टी के आधिकारिक प्रवक्ता हैं, इसलिए उनके बयान को पार्टी का आधिकारिक रुख माना जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की भी सोच है?
उन्होंने मांग की कि समाजवादी पार्टी तत्काल कार्रवाई करते हुए राजकुमार भाटी को पार्टी से बाहर करे।
बताया गया कि विगत दिनों एक सार्वजनिक कार्यक्रम में राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी की गई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद ब्राह्मण समाज समेत विभिन्न संगठनों में नाराजगी फैल गई।
घटना के विरोध में थाना सेक्टर-24 पर बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस दौरान राष्ट्रीय परशुराम परिषद, परशुराम स्वाभिमान सेना एवं राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदर्शन में राजेश प्रधान बरोला, सुनील पंडित गुलावली, महेश शर्मा मंडल अध्यक्ष भाजपा ग्रेटर नोएडा, सुशील पंडित, सिंगा पंडित, अटल भाटी, गौरव नंबरदार, मनीष दादरी, कालू पंडित बरौला, अतुल भाटी, साधना शर्मा, दीपेश पंडित, पिंटू शर्मा और मनवीर शर्मा सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।
विवाद बढ़ने और सर्व समाज के विरोध के बाद राजकुमार भाटी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर ब्राह्मण समाज से हाथ जोड़कर माफी मांगी। बताया जा रहा है कि उन्होंने दो अलग-अलग वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी पर खेद व्यक्त किया है।