बिजौलिया, 15 जून। स्मार्ट हलचल।बिजौलिया थाना क्षेत्र के आरोली और सलावटिया के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार आरोली निवासी गोपाल गुर्जर (38) पुत्र छीतर लाल गुर्जर सुबह करीब 7 बजे अपनी बाइक का टायर पंक्चर होने के कारण बाइक को पैदल लेकर आरोली से फोरलेन स्थित बिलोना बड़ी के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने जा रहा था। इसी दौरान फोरलेन पर पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर बिजौलिया पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को बिजौलिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
परिवार का इकलौता सहारा था मृतक:
बताया गया है कि मृतक खदान क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करता था और अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। मृतक के भाई अन्नू लाला गुर्जर की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गोपाल अपने पीछे रोते-बिलखते परिवार में पत्नी, एक 12 साल का लड़का और एक 7 साल की छोटी लड़की को छोड़ गया है।
