राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की नई प्रदेश कार्यकारिणी का निर्वाचन संपन्न: रमेश पुष्करणा बने प्रदेशाध्यक्ष, महेंद्र लखारा महामंत्री

साधारण सभा की झुंझुनूं बैठक में सर्वसम्मति से हुआ चुनाव; भीलवाड़ा की बहन सुषमा विश्नोई को राष्ट्रीय सचिव व कैलाश सुथार को चित्तौड़ प्रांत का मिला बड़ा दायित्व

झुंझुनूं/भीलवाड़ा, स्मार्ट हलचल। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) राजस्थान की साधारण सभा की बैठक झुंझुनूं में आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र बड़वा ने बताया कि बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम के तहत आगामी तीन वर्षों के लिए नई प्रदेश कार्यकारिणी का निर्वाचन सर्वसम्मति से संपन्न हो गया है।

निर्विरोध चुनी गई नई प्रदेश कार्यकारिणी:

निर्वाचन में श्री रमेश चन्द्र पुष्करणा को प्रदेशाध्यक्ष, श्री सम्पत सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, श्री महेंद्र कुमार लखारा को महामंत्री, श्री कैलाश चंद कच्छावा को कोषाध्यक्ष तथा श्रीमती लक्ष्मी स्वामी को महिला उपाध्यक्ष सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया है। नवनिर्वाचित प्रदेश कार्यकारिणी से संगठन को नई दिशा एवं गति मिलने की आशा व्यक्त की गई है।

भीलवाड़ा जिले के लिए रहा गौरव का विषय:
इस प्रांतीय बैठक में भीलवाड़ा जिले के लिए दोहरा गौरव सामने आया। संगठन की वरिष्ठ बहन सुषमा विश्नोई को अखिल भारतीय स्तर पर राष्ट्रीय सचिव तथा कैलाश जी सुथार को चित्तौड़ प्रांत का सह संगठन मंत्री मनोनीत किया गया है। इस महत्वपूर्ण सांगठनिक जिम्मेदारी के लिए दोनों पदाधिकारियों को भीलवाड़ा टीम द्वारा हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

जिला मंत्री ईश्वर सिंह चौधरी ने बताया कि जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र बड़वा के नेतृत्व में अनूप सिंह राजपूत, बनवारी लाल काबरा, के.पी. सिंह राठौड़ एवं तेज बहादुर सिंह इस दो दिवसीय कार्यक्रम में भीलवाड़ा का प्रतिनिधित्व करने पहुंचे थे। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, शिक्षक हितों की रक्षा तथा शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक एवं नीतिगत योगदान को लेकर प्रबुद्ध पदाधिकारियों के बीच विस्तृत चर्चा की गई।