खाद से भरा ट्रेलर पलटा, पलटते ही लगी आग; हाईवे पर मचा हाहाकार

जालखेड़ा चौराहे के पास आसमान छूती लपटें देख थमे वाहनों के पहिए, दो किलोमीटर तक लगा जाम; दो दमकलों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

रायला।स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा-अजमेर नेशनल हाईवे-48 पर शनिवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डीएपी खाद के कट्टों से भरा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रेलर के पलटते ही उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वाहन से उठती ऊंची लपटों तथा धुएं के गुबार ने आसमान को ढक लिया। सड़क पर बिखरे खाद के कट्टे और आग की लपटों से घिरे ट्रेलर का खौफनाक मंजर देखकर वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

आग की लपटें देख थमे वाहनों के पहिए

जालखेड़ा चौराहे के पास हुए हादसे के बाद हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने दुर्घटनास्थल से पहले ही अपने वाहन रोक दिए। देखते ही देखते हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीलवाड़ा की ओर करीब दो किलोमीटर तक जाम लग गया। सैकड़ों वाहन चालक रास्ता खुलने का इंतजार करते रहे। आग की भयावहता के चलते हाईवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

दो दमकलों ने आधे घंटे तक की मशक्कत

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने गुलाबपुरा पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। गुलाबपुरा थाने से दीवान सुभाष चंद्र, कांस्टेबल सुनील और संदीप मौके पर पहुंचे। सुधिवा स्पीनर्स और मयूर मिल की दो दमकलें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे तक लगातार मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

सड़क पर बिखरे खाद के कट्टे, धधकता रहा ट्रेलर

प्रत्यक्षदर्शी सांवरलाल वैष्णव के अनुसार डीएपी खाद से भरा ट्रेलर भीलवाड़ा से अजमेर की ओर जा रहा था। जालखेड़ा चौराहे के नजदीक अचानक ट्रेलर बेकाबू होकर पलट गया। पलटते ही उसमें आग लग गई। ट्रेलर में भरे खाद के अधिकांश कट्टे सड़क पर बिखर गए, जबकि कई कट्टे आग की चपेट में आ गए।

केबिन में नहीं मिला चालक, जनहानि की सूचना नहीं

हादसे के बाद एक प्रत्यक्षदर्शी ने साहस दिखाते हुए ट्रेलर के केबिन की जांच की, लेकिन वहां चालक नहीं मिला। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।