पदभार ग्रहण समारोह में उमड़ा जनसैलाब, अतिथियों का साफा-माला पहनाकर किया भव्य स्वागत; सरपंच बोलीं– गांव के विकास में नहीं छोड़ूंगी कोई कमी
रायला।स्मार्ट हलचल|ईरास ग्राम पंचायत में रविवार को नवनिर्वाचित सरपंच गंगा देवी जाट ने सुबह 11 बजे विधिवत रूप से सरपंच पद का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और आसपास के क्षेत्र से आए गणमान्य लोगों की मौजूदगी में उत्साह और उल्लास का माहौल नजर आया।पदभार ग्रहण करने के बाद सरपंच गंगा देवी जाट ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि महिला होने के नाते बालिका शिक्षा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और महिला सशक्तीकरण को विशेष प्राथमिकता देंगी। गांव के प्रत्येक बालक-बालिका को बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि वे शिक्षित होकर गांव और देश का नाम रोशन कर सकें।
समारोह में उपसरपंच पन्नालाल गुर्जर सहित आठ वार्ड पंचों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। नवग्रह आश्रम के संस्थापक हंसराज चौधरी, हगामी लाल मेवाड़ा, पूर्व सीएमएचओ डॉ. आरसी सामरिया, मालासेरी डूंगरी के महंत-पुजारी हेमराज पोसवाल तथा पूर्व डेयरी अध्यक्ष रतनलाल जाट सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
इस दौरान आसपास के क्षेत्र से पहुंचे नवनिर्वाचित एवं पूर्व सरपंचों, जीएसएस अध्यक्षों और जनप्रतिनिधियों का ग्रामवासियों एवं वार्ड पंचों ने तिलक लगाकर, माला पहनाकर और साफा बांधकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही। मंच संचालन सेवानिवृत्त अध्यापक कैलाश जांगिड़ ने किया। सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र जाट ने सभी बाहर से आने वाले अतिथियों का व ग्राम वासियों का वह सभी साथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया