दो मंदिरों का अन्नकूट महोत्सव एक साथ मनाने की पहल, वार्ड 11 में दिखेगा सामाजिक एकजुटता का अनूठा उदाहरण

पार्षद भोलाराम प्रजापत की पहल पर हनुमान मंदिर के महंत श्रीरामशरण महाराज एवं मंशापूर्ण महादेव मंदिर के पं. मदन उपाध्याय के सान्निध्य में 22 नवंबर को होगा संयुक्त आयोजन; महाआरती और छप्पन भोग के बाद 8 से 10 हजार शहरवासी एक ही स्थान पर बैठकर ग्रहण करेंगे महाप्रसादी

चित्तौड़गढ़। स्मार्ट हलचल|दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा से शुरू होने वाले अन्नकूट महोत्सव की परंपरा चित्तौड़गढ़ शहर में वर्षों से श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई जा रही है। शहर में लगभग पंद्रह दिनों तक अलग-अलग मंदिरों में अन्नकूट प्रसादी के आयोजन होते हैं। इन आयोजनों में हजारों श्रद्धालु अपने परिवारों सहित शामिल होकर एक साथ बैठकर भोजन प्रसादी ग्रहण करते हैं। मंदिर मंडलों और मोहल्लों के प्रबुद्ध नागरिकों के सहयोग से आयोजित होने वाले ये महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का भी संदेश देते हैं।

इसी परंपरा के बीच इस वर्ष शहर के वार्ड संख्या 11 स्थित नगरपालिका कॉलोनी में अन्नकूट महोत्सव को लेकर एक अनूठी पहल की जा रही है। वार्ड पार्षद भोलाराम प्रजापत की पहल पर वार्ड में स्थित बजरंग बली देवालय एवं श्री मंशापूर्ण महादेव मंदिर में अलग-अलग आयोजित होने वाले अन्नकूट महोत्सव को इस बार एक ही दिन संयुक्त रूप से मनाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए साझा आयोजन समिति का गठन कर दोनों मंदिरों के आयोजनों को एक सूत्र में पिरोया गया है।

प्रजापत ने बताया कि वे पूर्व में भी इस वार्ड से पार्षद रह चुके हैं। पहले दोनों मंदिरों में अलग-अलग अन्नकूट प्रसादी महोत्सव आयोजित किए जाते थे, जिनमें आयोजन की व्यवस्थाओं पर समय और धन दोनों अधिक खर्च होते थे। इस बार वार्डवासियों से विचार-विमर्श और सर्वसम्मति के बाद दोनों प्रमुख मंदिरों का संयुक्त अन्नकूट महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि 22 नवंबर 2026, रविवार को शाम 6 बजे प्रदोष की बेला में दोनों मंदिरों में महाआरती एवं छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात अन्नकूट महाप्रसादी महोत्सव के तहत शहर के लगभग 8 से 10 हजार श्रद्धालु एक ही स्थान पर एक साथ बैठकर भोजन प्रसादी ग्रहण करेंगे। पूरे आयोजन को भव्य धार्मिक महोत्सव के रूप में मनाने की तैयारियां की जा रही हैं। इसमें शहरवासियों की सामूहिक सहभागिता रहेगी।

प्रजापत के अनुसार, इस पहल से आयोजन की व्यवस्थाओं में बेहतर समन्वय स्थापित होने के साथ समय और धन दोनों की बचत होगी। वहीं, शहर के हजारों लोगों को एक साथ बैठकर भोजन करने और सामाजिक मेल-मिलाप का अवसर मिलेगा। इससे आपसी भाईचारे, सहयोग और सामंजस्य की भावना को भी मजबूती मिलेगी।

इस पहल को चित्तौड़गढ़ शहर में धार्मिक आयोजनों के सामूहिक स्वरूप को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण नवाचार माना जा रहा है। आयोजकों का मानना है कि यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो भविष्य में शहर के अन्य मंदिरों के प्रतिनिधियों और मोहल्लेवासियों को भी इससे प्रेरणा मिलेगी। इसके परिणामस्वरूप शहर के विभिन्न मंदिरों का एक संयुक्त महा अन्नकूट प्रसादी महोत्सव आयोजित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा सकते हैं।

धार्मिक परंपराओं को सामाजिक एकजुटता से जोड़ने वाली यह पहल केवल आयोजन की व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सामूहिक सहभागिता, सामाजिक समरसता और सनातन परंपराओं में निहित सहयोग एवं सद्भाव के मूल भाव को मजबूत करने का संदेश भी देती है।

मंदिरों के संत, पुजारी एवं जनप्रतिनिधियों की रहेगी सहभागिता

संयुक्त अन्नकूट महोत्सव में हनुमान मंदिर के महंत श्री राम शरण महाराज एवं मंशापूर्ण महादेव मंदिर के पं. मदन उपाध्याय का मार्गदर्शन और सान्निध्य रहेगा। आयोजन में पार्षद भोलाराम प्रजापत की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। समिति अध्यक्ष सूर्यप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।

आयोजन समिति एवं सहयोगी सदस्य

संयुक्त अन्नकूट महोत्सव के आयोजन को सफल बनाने के लिए गठित समिति एवं सहयोगी सदस्यों में पूर्व पार्षद सुरेंद्र नाथ योगी, सूर्यप्रकाश शर्मा (समिति अध्यक्ष), राजेश मेनारिया, विनोद मेनारिया, कमलाशंकर मेनारिया, अरुण कुमावत, विनोद तोमर, बालमुकुंद मेनारिया, देवेंद्र मेनारिया, सुरेश चेचाणी, अनंत समदानी, अशोक अजमेरा, करण सिंह सांखला, नीलू पटवारी, सुरेश चंद्र दादू, गुमान सिंह राठौड़, तुलसी राम मेनारिया, दिनेश ओझा, सुरेश कल, लक्ष्मण सिंह, ईश्वर दयाल शर्मा, मथुरा लाल नंदवाना, नंदकिशोर मेनारिया, सोहनलाल मेनारिया, दिनेश दायमा, कन्हैयालाल पुरोहित, रितेश कुमावत, महेंद्र नाथ योगी, प्रेमदास वैष्णव, मनोज मंडेला, अमित कुमावत, मनीष पीपाड़ा, दीपक मंडेला, शेष कुमार गुप्ता, मंगल सिंह भाटी, रमेश सनाढ्य, गोपाल जागेटिया, विजय कुमार सुथार, श्यामलाल सोनी, नरेश न्याति, महेंद्र शर्मा, विनोद गोतम, रामलाल जाट, अर्जुन माली, गोविंद धाकड़, विकास व्यास, हिमांशु भारद्वाज, गोवर्धन सिंह, ललित आगाल, श्याम सांखला, मयंक शर्मा, अजय रजक, देवराज रजक, चम्पा लाल जाट, सुरेश कोठारी, महावीर जोशी, रामप्रसाद प्रजापत, मधुसूदन व्यास, संजय आचार्य, धर्मेंद्र तिवारी, गोपाल मूंदड़ा, कैलाश वैष्णव, गोपाल बाहेती, राजेश पांड्या, महेंद्र सरगरा, महावीर सिंह अहीर, ओम जांगिड़ , धर्म नारायण जांगिड़ , दिनेश गुप्ता, रमेश रैगर सहित अन्य सहयोगी सदस्य शामिल हैं।