अक्षय पात्र की अनूठी पहल: 11 जिलों में बदली सरकारी स्कूलों की सूरत, बच्चों को मिलेगा खुशनुमा माहौल

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल।सरकारी स्कूलों को निजी शिक्षण संस्थानों जैसा बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के लिए अक्षय पात्र संस्था ने प्रदेश के 11 जिलों में विशेष रंगाई-पुताई एवं स्वच्छता अभियान चलाया है। इसके तहत स्कूलों को नया और आकर्षक स्वरूप दिया गया है।अक्षय पात्र राजस्थान के वाइस प्रेसिडेंट रघुपति दास प्रभु के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस अभियान के तहत भीलवाड़ा जिले के चार स्कूलों का पूरी तरह कायाकल्प किया गया। संस्था के शाखा प्रबंधक दर्शन सिंह ने बताया कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित परिसर ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी है। इसी सोच के साथ स्कूल की दीवारों, कक्षाओं और पूरे परिसर की मरम्मत कर पर्यावरण-अनुकूल रंगों से पेंटिंग की गई है।

*इन 4 स्कूलों की बदली सूरत*
इस अभियान में स्थानीय ग्रामीणों, स्कूल स्टाफ और संस्था के कर्मियों ने श्रमदान कर सक्रिय भागीदारी निभाई। भीलवाड़ा के जिन चार स्कूलों को चमकाया गया है, उनमें शामिल हैं:
1. राजकीय प्राथमिक विद्यालय, ठगो का खेड़ा
2. राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, बापू नगर
3. राजकीय प्राथमिक विद्यालय, हीरा जी का खेड़ा
4. राजकीय प्राथमिक विद्यालय, कीरत पुरा

संस्था पदाधिकारियों के अनुसार शिक्षा, स्वच्छता और सामाजिक सरोकार के ऐसे कार्य भविष्य में भी जारी रहेंगे।