_मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के सौंदर्यीकरण कार्य में अवैध कब्जे बने बाधा_
खखरेरू /स्मार्ट हलचल।फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्य से पहले अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम कब्जाधारकों को अंतिम मोहलत देकर लौट गई। नगर पंचायत और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बुलडोजर के साथ वार्ड संख्या-2 गांधीनगर पहुंची, जहां सड़क किनारे अवैध रूप से बनी दुकानों, गुमटियों और होटलों को हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित थी। हालांकि कब्जाधारकों द्वारा अधिक समय की मांग किए जाने पर टीम ने 24 घंटे से लेकर एक सप्ताह तक का अंतिम समय देकर कार्रवाई स्थगित कर दी।
नगर पंचायत कार्यालय की ओर से 26 मई 2026 को सार्वजनिक सूचना जारी कर वार्ड संख्या-2 गांधीनगर में अवैध कब्जा करने वालों को सात दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। नोटिस जारी होने के बाद एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कब्जाधारकों ने अतिक्रमण नहीं हटाया।
सोमवार को नगर पंचायत, राजस्व विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीम नए तहसीलदार के नेतृत्व में बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा। कार्रवाई शुरू होने से पहले कब्जाधारकों ने प्रशासन से कुछ और समय देने की मांग की, जिस पर अधिकारियों ने मानवीय आधार पर अंतिम अवसर प्रदान कर दिया।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) हागेंद्र सिंह ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे से लेकर अधिकतम एक सप्ताह तक का अंतिम समय दिया गया है। यदि निर्धारित अवधि में अवैध कब्जा नहीं हटाया गया तो राजस्व विभाग और नगर पंचायत की संयुक्त टीम बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत प्रस्तावित विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होने दिया जाएगा।
