सरपंच उदयराम कुमावत की अनूठी पहल: आलमास में निःशुल्क शिविर से 20 ग्रामीणों को मिला लाभ

15 बच्चों के आधार कार्ड बने, 5 डाकघर बचत खाते खुले; ग्रामीणों ने की जनहितकारी पहल की सराहना

भगवानपुरा, 21 नवंबर 2026।स्मार्ट हलचल।ग्राम पंचायत आलमास के नवनिर्वाचित सरपंच श्री उदयराम कुमावत की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के तहत शनिवार को ग्राम पंचायत क्षेत्र में निःशुल्क आधार पंजीकरण एवं डाकघर बचत खाता शिविर आयोजित किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गाँव में ही आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध कराने की सराहनीय पहल की गई।शिविर में पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों के आधार कार्ड पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही डाकघर के माध्यम से निःशुल्क बचत खाता खोलने की सुविधा भी प्रदान की गई। शिविर में 15 नवीन आधार कार्ड पंजीकरण तथा 5 डाकघर बचत खाते खोलने सहित कुल 20 लाभार्थियों को सेवाओं का लाभ मिला।

इस अवसर पर ग्रामीण परिवारों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को आधार एवं डाकघर संबंधी कार्यों के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की असुविधा से राहत मिली।

शिविर में प्रभारी श्री मनीष कुमार, पोस्टमैन आकांक्षा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती गीता देवी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे। शिविर के सफल संचालन में संबंधित कार्मिकों एवं ग्रामीणों का सहयोग सराहनीय रहा।

जनसेवा को बनाया प्राथमिक लक्ष्य

सरपंच श्री उदयराम कुमावत ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में आमजन को सरकारी एवं जनोपयोगी सुविधाएँ सरलता से उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल की। उनका उद्देश्य है कि पात्र ग्रामीणों एवं बच्चों को आवश्यक सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर प्राप्त हो तथा किसी भी परिवार को छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए ग्राम पंचायत द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।

सरपंच सहायक श्री कन्हैया लाल कुमावत ने बताया कि ग्राम पंचायत आलमास द्वारा जनसुविधा, पारदर्शी व्यवस्था एवं ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए जनहित के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।

ग्राम पंचायत आलमास का संकल्प — जनसेवा, सुशासन और सर्वांगीण ग्राम विकास।