पावटा, स्मार्ट हलचल।कस्बे के राजकीय महाविद्यालय में चल रहे रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का समापन शनिवार को हुआ। शिविर में छात्राओं के आत्मविश्वास और आत्मरक्षा कौशल को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। मुख्य अतिथि प्रख्यात शिक्षाविद् आचार्य डॉ. खेमचंद गुर्जर ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 50 छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य रजनीश कुमार ने की। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. खेमचंद गुर्जर ने कहा कि महिला सशक्तीकरण का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होगा, जब बेटियां स्वयं को सुरक्षित रखने के लिए आत्मविश्वास और कौशल से परिपूर्ण होंगी। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण छात्राओं को केवल शारीरिक रूप से मजबूत नहीं बनाता, बल्कि उनमें निर्भीकता, आत्मसम्मान और मुश्किल परिस्थितियों में सही निर्णय लेने का साहस भी पैदा करता है। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई के जीवन से प्रेरणा लेकर हर चुनौती का डटकर सामना करने का संदेश दिया। महाविद्यालय प्राचार्य रजनीश कुमार ने कहा कि आज के समय में बालिकाओं के लिए आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास बेहद आवश्यक हैं। आत्मरक्षा का ज्ञान उन्हें सुरक्षा के प्रति सजग बनाने के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत करता है। उन्होंने छात्राओं से प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशलों का नियमित अभ्यास करने तथा अपने आसपास की अन्य बालिकाओं को भी जागरूक करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा की बुनियादी तकनीकों, विपरीत परिस्थितियों में बचाव के तरीकों और स्वयं की सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षक अन्नू रानी ने छात्राओं को विभिन्न तकनीकों का अभ्यास करवाया तथा आपात स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से प्रतिक्रिया देने के तरीके सिखाए। नोडल प्रभारी डॉ. सरिता लाम्बा ने कहा कि महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मरक्षा का कौशल वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। मुख्य अतिथि ने भी छात्राओं के उत्साह और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि आत्मविश्वास से भरी बेटियां किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम होती हैं। कार्यक्रम प्रभारी आर्य पारीक ने शिविर की जानकारी देते हुए बताया कि कुल 24 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका अंतिम चरण सात दिनों का था। प्रशिक्षण के माध्यम से छात्राओं को मूल आत्मरक्षा तकनीकों के साथ विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने पर विशेष ध्यान दिया गया। समापन समारोह में 50 पंजीकृत एवं प्रशिक्षित छात्राओं को प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर डॉ. धन्नाराम कुम्हार, डॉ. बाबूलाल मीणा, डॉ. शिवशंकर सैन, राजेन्द्र वर्मा, चतुर्भुज यादव, डॉ. अशोक कुमार यादव, डॉ. रामावतार आर्य और डॉ. मोईन खान सहित महाविद्यालय के अन्य संकाय सदस्य एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।