शंभूपुरा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब हजारों शिवभक्तों ने निकाली भव्य तृतीय कावड़ यात्रा

ओम जैन

शंभूपुरा।स्मार्ट हलचल|शंभूपुरा कस्बे वासियों द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य ऐतिहासिक तृतीय कावड़ यात्रा निकाली गई। कावड़ यात्रा शंभूपुरा में स्थित चमत्कारी सांवरिया जी शनि महाराज मंदिर से प्रारंभ हुई जो सावा चौराहा, बस स्टैंड, मुख्य बाजार होते हुए रेलवे स्टेशन रोड स्थित बालाजी मंदिर परिसर मे पहुंची जहाँ महादेव का कावडियो द्वारा जलाभिषेक किया।

जगह जगह हुआ कावड़ यात्रा का भव्य स्वागत

यह कावड़ यात्रा पिछली बार निकाली कावड़ यात्रा से भी भव्य और ऐतिहासिक थी जिसका पूरे मार्ग में जगह जगह भव्य स्वागत किया गया, मुख्य सावा चौराहा पर राम प्रसाद जाट एवं टीम द्वारा दर्जनों जेसीबीयो से पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया जिसने सभी को अभिभूत कर दिया। भक्तो एवं कावड़ियो पर 30 से भी अधिक जेसीबी से 10-10 क्विंटल गुलाब, मोगरा, गेन्दा आदि के पुष्पों से वर्षा की गई।

महाकाल की तर्ज पर सजी झांकिया, निकली भव्य कावड़ यात्रा

कावड़ यात्रा में महाकाल की तर्ज पर भोलेनाथ की झांकी सजाई गई जिसको भक्तों ने कंधों पर उठाकर भोलेनाथ की जयकारे लगाते चल रहे थे।
कावड़ यात्रा में भोलेनाथ की जगह जगह पूजा अर्चना की गई। भक्तों के लिए शीतल पेय, प्रसाद, अल्पाहार आदि की व्यवस्था की गई। कावड़ यात्रा में शामिल भक्तगण डीजे, ढोल, नगाडो आदि की धुन पर नाचते गाते चल रहे थे।
समस्त ग्रामवासियो की ओर से कावड़ यात्रा में उपस्थित भाजपा जिला महामंत्री हर्षवर्धन सिंह रूद, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट आदि अतिथियों का दुपट्टा, माला एवं साफा बंधवाकर स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया।

1 दर्जन से अधिक गांवों से पहुंचे शिवभक्त

इस ऐतिहासिक और भव्य कावड़ यात्रा में शंभुपुरा सहित बामणिया, मायरा, केसरपुरा, सावा, कन्नौज, पाटनिया, फलासिया, सामरी, चिकसी, अरनियापंथ, जालमपुरा, खोर, सतखण्डा, गिलुण्ड, आदि गांवो के भक्तगण शामिल हुए।
आदी शक्ति मंडत उज्जैन के विशाल सोनी व नंदनी सोनी के नेतृत्व मे महिला डमरू मंडल द्वारा झाझ, डमरू के प्रदर्शन से भक्तिमय माहौल बना दिया, इस दौरान कई सजीव झांकिया मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
मन्दिर पहुंचने पर जलाभिषेक के बाद महाआरती हुई, जिसके बाद सभी भक्तों के लिए श्याम बगीची में महाप्रसादी का आयोजन किया गया।
रामप्रसाद जाट ने उपस्थित सभी भक्तों, कावडियो एवं क्षेत्र वासियों का स्वागत कर आभार प्रकट किया।